खरना के साथ उपवास शुरू
पश्चिमी दिल्ली, जागरण संवाददाता : आस्था के महापर्व छठ के तहत मंगलवार को व्रतियों ने विधि-विधान से खर
पश्चिमी दिल्ली, जागरण संवाददाता : आस्था के महापर्व छठ के तहत मंगलवार को व्रतियों ने विधि-विधान से खरना किया। इस दौरान पारंपरिक तरीके से आम की लड़की की आग में विशेष तौर से खीर, रोटी व पूड़ी इत्यादि बनाईं गईं थीं। भगवान को समर्पण के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही उनका 36 घंटे का उपवास शुरू हो गया। अब 30 अक्टूबर की सुबह पर्व के समापन के साथ ही व्रती अन्न व जल ग्रहण करेंगे। इस दौरान घरों में छठ मइया के गीत गूंजते रहेंगे।
ज्ञात हो कि नहाय-खाय के साथ छठ पूजा की औपचारिक शुरुआत होती है। इसके दूसरे दिन खरना होता है। व्रती मंगलवार सुबह से ही खरना की तैयारी में जुट गए थे। छठ मईया को पूड़ी, गुड़ युक्त खीर व फल इत्यादि का भोग लगाने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया। बाद में घर के अन्य सदस्यों व लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
डाबड़ी के दुर्गा पार्क निवासी छठ व्रति विद्यावती देवी ने बताया कि छठ व्रत से सारी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यह आस्था का महापर्व है। इसलिए वे हर वर्ष छठ व्रत करती हैं। कुतुब विहार की रहने वाली रीतिका पांडेय के मुताबिक छठ पूजा के दौरान पूरा वातारण श्रद्धा भक्ति व उमंग से भरा होता है। इसलिए 36 घंटे उपवास के बावजूद व्रतियों को थकान महसूस नहीं होती है।