कनॉट प्लेस में कार फुटपाथ पर पलटी, चालक की मौत
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार इंडिगो कार फुट
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार इंडिगो कार फुटपाथ पर चढ़कर पलट गई। हादसे में कार चालक अश्विनी कुमार की मौत हो गई। कनॉट प्लेस थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार जब्त कर ली है।
नई दिल्ली जिले के एडिशनल पुलिस कमिश्नर एसबीएस त्यागी के मुताबिक पेशे से चालक 24 वर्षीय अश्विनी कुमार पहाड़गंज इलाके में किराए पर परिवार के साथ रह रहा था। शुक्रवार देर रात वह कार लेकर किसी को लाने के लिए जा रहा था। शहीद भगत सिंह मार्ग पर एक युवक को बचाने के चक्कर में उसने कार को अचानक मोड़ दिया। तभी पीछे से तेज रफ्तार में जा रही एक अन्य कार ने इंडिगो में जोरदार टक्कर मार दी। इससे इंडिगो फुटपाथ पर चढ़कर पलट गई। वह कई मीटर तक घसीटती चली गई। चालक के शराब के नशे में होने की बात से पुलिस ने इन्कार किया है। हादसे में दूसरी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसका चालक बाल-बाल बच गया। उसे ज्यादा चोटे नहीं आई। घटना के कारण आउटर सर्किल पर थोड़ी देर के लिए जाम भी लग गया।