कानूनों के पालन के लिए सामाजिक जागरूकता जरूरी : मुरुगन
जासं, पूर्वी दिल्ली : कानून और निर्देशों के पालन के लिए सामाजिक जागरूकता का होना जरूरी है। कई माम
जासं, पूर्वी दिल्ली :
कानून और निर्देशों के पालन के लिए सामाजिक जागरूकता का होना जरूरी है। कई मामलों में आम नागरिकों का सहयोग भी बड़ा जरूरी होता है। दीपावली पर निर्धारित समय सीमा के बाद भी पटाखे छोड़ने के मामले में जागरूकता जरूरी है। यह बात एसडीएम प्रीत विहार सीवेलु मुरूगन ने शनिवार को दैनिक जागरण से बातचीत के दौरान कही।
मुरुगन ने कहा कि कानून का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए, लेकिन जनता का सतर्क और जागरूक होना भी जरूरी है। हम लगातार क्षेत्र के आरडब्ल्यूए सहित सभी सामाजिक संगठनों को जागरूकता अभियान को लेकर प्रेरित कर रहे हैं। इन संगठनों की मदद से प्रशासन के अभियानों की आवाज आम लोगों तक पहुंचाना है। स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों को कानून के साथ - साथ आपसी साझेदारी से समझना पड़ेगा। प्रीत विहार उपमंडल में शनिवार को किए गए निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था को देखकर यह लगा कि पहले के मुकाबले जनता स्वच्छ भारत अभियान को और भी ज्यादा गंभीरता से ले रही है। विकास मार्ग के सुंदरीकरण पर मुरुगन ने कहा कि प्रशासनिक अगुवाई में यह कई विभागों की मेहनत का ही नतीजा है कि विकास मार्ग की तस्वीर को बदलने में सफलता मिल पाई है। एसडीएम ने लोगों से अपील की कि स्वच्छता के मामले में खुद की जिम्मेदारी तय करें और अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।