पटाखे की चपेट में आने से बच्चे की मौत
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : दीपावली के एक दिन बाद आतिशबाजी ने एक परिवार के इकलौते चिराग को बुझ
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : दीपावली के एक दिन बाद आतिशबाजी ने एक परिवार के इकलौते चिराग को बुझा दिया। घटना रणहौला थाना क्षेत्र में घटी। विश्वकर्मा दिवस पर यादव एंक्लेव में एक व्यक्ति ने गिलास में रख कर आलू बम फोड़ा। इससे स्टील के गिलास के कई टुकड़े हो गए। उसमें से एक टुकड़ा वहां से गुजर रहे छह वर्षीय बच्चे राजीव कुमार के पेट को चीरते हुए अंदर जा धंसा। घटना के बाद बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डाक्टरों के मुताबिक अत्यधिक खून बह जाने के कारण बच्चे को नहीं बचाया जा सका। रणहौला थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मरने वाला छात्र इकलौता बेटा था और स्थानीय स्कूल में यूकेजी में पढ़ता था। उधर, घटना के बाद से ही राजीव के घर पर मातम पसरा है। छात्र की मां का बुरा हाल है।
पुलिस के मुताबिक मुकेश की दो बेटी के अलावा एक बेटा राजीव कुमार था। वह न्यू सावित्री देवी पब्लिक स्कूल में पढ़ता था। मुकेश घर के पास ही साझे पर कबाड़ की दुकान चलाते हैं। बताया जाता है कि शुक्रवार की विकास नगर के दीप एंक्लेव निवासी 35 वर्षीय दिलीप कुमार कबाड़ी का काम करने वाले दोस्त मुकेश से मिलने यादव एंक्लेव गया था। विश्वकर्मा दिवस होने के कारण सभी की छुंट्टी थी। इस खुशी में दिलीप आलू बम फोड़ने लगा। बम में तिल्ली लगाने से पहले उसने बम पर एक स्टील का गिलास रख दिया। बम फटते ही गिलास के टुकड़े-टुकड़े हो गए। इसी दौरान पास के दुकान से कुछ खरीदने गया राजीव कुमार घर लौट रहा था। वह उसकी चपेट में आ गया। उधर, घटना के बाद से राजीव कुमार की मां का बुरा हाल है। परिजन बलराम ने बताया कि इसी महीने 5 तारीख को ही उन्होंने राजीव का जन्मदिन मनाया था। परिवार ने दीपावली पर खासी तैयारियां की थी। पुलिस अधिकारियो ने बताया कि आरोपी दिलीप मजदूरी करता है।