तिलक लगा बहनों ने की भाई की लंबी उम्र की कामना
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : क्षेत्र में शनिवार को भइया दूज हर्षोल्लास से मनाया गया। इस मौके पर
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : क्षेत्र में शनिवार को भइया दूज हर्षोल्लास से मनाया गया। इस मौके पर घरों में सुबह से ही उत्साह का माहौल था। बहनें सुबह ही उठकर तैयार हो गई थीं। बाद में उन्होंने अपने-अपने भाइयों को तिलक लगाया और उनकी लंबी उम्र की कामना के साथ ही भाई की सलामती की दुआ मांगी। इस दौरान सड़कों पर वाहनों का रेला रहा। लिहाजा, प्रमुख चौक चौराहों पर जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान बसें खचाखच भरी हुई थीं।
इस दिन का बहनें लंबे समय से इंतजार करती रहती हैं। पश्चिमी दिल्ली में हर इलाके में शनिवार को इस त्योहार का उमंग दिखा। घर में मौजूद बहनें सुबह में ही तैयार होकर पहले अपने भाइयों को तिलक लगा आरती की और भगवान से उसकी सलामती की दुआ मांगी। बाद में भाइयों ने भी बहनों को वस्त्र व तरह-तरह के तोहफे दिए। इस दौरान घरों में भी विशेष पकवान बनाया गया था। उधर दूर दराज में रहने वाली बहनों का देर शाम तक भाइयों के घर आना जाना लगा हुआ था।
साध नगर निवासी हिमांशी ने बताया कि भइया दूज पर उसके भाई ने उसे महंगे चाकलेट का तोहफा दिया। उधर भाइया दूज पर दूर से आने वाली बहनों को भाई से मुलाकात में जाम आड़े आया। यात्रा में बहनों को काफी मशक्कत भी करनी पड़ी। बसें खचाखच भरी हुई थीं। वहीं सड़कों पर भी जाम लगा था। उत्तम नगर निवासी संगीता ने बताया कि उनका मायका पूर्वी दिल्ली में है। वे कार से सुबह तय समय से वहां के लिए निकली थीं। लेकिन अमूमन जहां उन्हें वहां जाने में सवा घंटा का समय लगता है, वहीं सड़कों पर जाम के कारण उन्हें सफर में तीन घंटा लग गया।