केजरीवाल ने भाजपा पर लगाया फर्जी वोट बनाने का आरोप
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : राजधानी में जारी राजनीतिक अनिश्चितता के बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविं
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : राजधानी में जारी राजनीतिक अनिश्चितता के बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर मतदाता पहचान पत्र बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वह चुनाव आयोग से इसकी शिकायत करेंगे। वहीं, भाजपा ने इसे केजरीवाल का पब्लिसिटी स्टंट करार दिया है।
केजरीवाल अब तक भाजपा पर दिल्ली में अनैतिक तरीके से सरकार बनाने के लिए विधायकों की खरीद- फरोख्त का आरोप लगाते रहे हैं, लेकिन शनिवार सुबह उन्होंने ट्वीट कर भाजपा नेताओं पर फर्जी मतदाता पहचान पत्र बनवाने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा सूत्रों के हवाले से दावा किया कि भाजपा के बड़े नेताओं के इशारे पर यह काम किया जा रहा है। केजरीवाल के मुताबिक, इसके लिए सभी विधायकों को अपने विधानसभा क्षेत्र में कम से कम पांच हजार फर्जी मतदाता पहचान पत्र बनवाने तथा आप समर्थकों का नाम मतदाता सूची से हटवाने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रत्येक फर्जी वोट के लिए 15 सौ रुपये तथा एक आप समर्थक का नाम मतदाता सूची से कटवाने के लिए दो सौ रुपये घूस दिए जा रहे हैं। उन्होंने सोमवार को सुबह 11 बजे चुनाव आयोग से इसकी शिकायत करने की बात कही है।
वहीं, इस बारे में भाजपा का कहना है आम आदमी पार्टी दिल्ली में अपना जनाधार एवं कार्यकर्ता दोनों बहुत तेजी से खोती जा रही है। उसके संयोजक खबरों में बने रहने के लिए मीडिया व सोशल मीडिया में अनर्गल बयानबाजी करते रहते हैं। वह भाजपा पर बेबुनियाद आरोप लगाते रहते हैं, जिससे उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि उन्हें खबरों में बने रहने का मौका मिल जाए।
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय का कहना है कि कार्यकर्ताओं के अभाव के कारण आम आदमी पार्टी चुनाव आयोग द्वारा आमजनों तथा राजनीतिक दलों की सहभागिता के साथ शुरू किए गए मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में सहयोग देने में असमर्थ है। इसे छिपाने के लिए केजरीवाल भाजपा पर झूठे आरोप लगाने के साथ ही चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी प्रश्न चिह्न लगा रहे हैं।