पटाखे जलाने के विवाद में उपद्रव, पुलिस फायरिंग
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : मजनूं का टीला इलाके में दीपावली की रात पटाखे जलाने को लेकर हुए विवाद मे
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : मजनूं का टीला इलाके में दीपावली की रात पटाखे जलाने को लेकर हुए विवाद में जमकर उपद्रव हुआ। दो समुदाय के लोग सड़कों पर आ गए। दोनों तरफ से जमकर मारपीट हुई एवं लाठी-डंडे चले। घरों में घुसकर महिलाओं व बच्चों को पीटा गया। दर्जनों वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पुलिस टीम पर भी उपद्रवियों ने हमला कर दिया। हालात बिगड़ते देखकर पुलिस को हवाई फायरिंग तथा आंसू गैस का प्रयोग करना पड़ा। घटना में एक पुलिसकर्मी समेत 12 लोग घायल हुए हैं। इस संबंध में सिविल लाइंस थाने में दंगा फैलाने का मामला दर्ज कर आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। शुक्रवार को पुलिस ने फ्लैग मार्च कर दोनों समुदाय के लोगों के साथ बैठक भी की।
मजनूं का टीला इलाके में स्थित चंद्रावल गांव में वाल्मीकि बस्ती की मंदिर वाली गली में बृहस्पतिवार रात कुछ बच्चे पटाखे जला रहे थे। बताया जा रहा है कि उसी समय चंद्रावल ई ब्लॉक निवासी दूसरे समुदाय के करीब दर्जन भर युवकों ने वहां आकर बच्चों को धमकाना शुरू कर दिया। युवकों का कहना था कि इलाके में पटाखे नहीं जलाएं। बच्चों ने विरोध किया तो युवकों ने उनकी पिटाई कर दी। यह देखकर वहां पर मौजूद लोगों ने युवकों को बच्चों की पिटाई करने से रोकने का प्रयास किया। इससे गुस्साए युवकों ने फोन कर बड़ी संख्या में अपने साथियों को मौके पर बुला लिया।
इस बीच बच्चों के परिजन भी मौके पर आ गए। वाल्मीकि बस्ती के नागरिकों का आरोप है कि युवकों के साथियों ने आते ही लाठी-डंडों से उनकी पिटाई करनी शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो दोनों पक्ष की तरफ से जमकर लाठियां चलीं। कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इससे पूरे इलाके में दंगे जैसे हालात बन गए। दोनों तरफ से करीब सौ से अधिक लोग एकत्रित हो गए थे। वाल्मीकि बच्ची के लोगों का आरोप है कि हमलावरों को जो जहां मिला उसकी पिटाई की गई। घरों में घुसकर महिलाओं के साथ अभद्रता की गई। लोगों के घरों के बाहर खड़ी एक दर्जन से अधिक कार तथा मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की गई। पुलिसकर्मियों को पड़े जान के लाले उपद्रव की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों पर भी उपद्रवियों ने हमला कर दिया। अचानक हुए पथराव की वजह से पुलिसकर्मी जान बचाकर भागे। पथराव में सोनू नामक सिपाही घायल हो गया। झगड़े में पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना मिलते ही आला अधिकारियों ने अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा। उपद्रवियों से सख्ती से निपटने के निर्देश भी दिए गए। इसके बाद जाकर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का प्रयोग किया। बात नहीं बनी तब पांच राउंड हवाई फायरिंग की गई। काफी समय बाद जाकर हालात सामान्य हो पाए।
दिन भर चला बैठकों का दौर
शुक्रवार को पुलिस अधिकारी दिन भर इलाके में दोनों समुदाय के लोगों के साथ बैठकें करते रहे। नागरिकों से शांति बहाल करने की अपील भी की गई है। इलाके में फ्लैग मार्च कर पुलिस ने लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने को कहा है।
स्थिति अब नियंत्रण में है
मामले में दंगा फैलाने व सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शांति बहाल रखने के लिए घटनास्थल के आसपास भारी संख्या में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। अब वहां पूरी तरह शांति कायम है।
मधुर वर्मा, उत्तारी जिला पुलिस उपायुक्त
---