बाजारों में सुरक्षा कड़ी
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली : दीपावली से एक दिन पूर्व दक्षिणी दिल्ली के बाजारों खरीदारी के लिए ज
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली : दीपावली से एक दिन पूर्व दक्षिणी दिल्ली के बाजारों खरीदारी के लिए जबरदस्त भीड़ रही। इस दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। बुधवार को हथियारों से लैस पुलिसकर्मियों ने प्रत्येक बाजार में मार्च निकाला। वहीं शाम को भीड़ बढ़ने पर कई बाजारों में मेटल डिटेक्टर एवं सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई।
त्योहारों के मौके पर वैसे तो दिल्ली हाई अलर्ट पर होती है। लेकिन आतंकी हमले के खतरे के मद्देनजर पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बुधवार को जिला उपायुक्त के स्तर पर सभी थाना पदाधिकारियों की बैठक हुई और सुरक्षा संबंधी मसलों पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं ग्रेटर कैलाश में भी पहले से ज्यादा संख्या में पुलिस तैनाती की गई। प्रत्येक कोने पर एक मचान बना दिया गया है। जहां बैठकर पुलिसकर्मी मार्केट आने जाने वाले प्रत्येक शख्स पर निगाह रख रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सकुशल दीपावली का त्योहार संपन्न कराने के लिए बाजारों में पुलिस बल बढ़ा दिया गया है। सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी अराजक तत्वों एवं जेबतराशों पर नजर रख रहे थे। लाजपत नगर, ग्रेटर कैलाश समेत प्रत्येक बाजारों में सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है।
अवैध दुकानों से सुरक्षा को खतरा
फरीदाबाद में पटाखा बाजार मे लगी आग के बाद दिल्ली में पुलिस को चौकस रहने को कहा गया। हालांकि संगम विहार, अंबेडकर नगर, मदनगीर, गोविंदपुरी, जैतपुर, सौरभ विहार के कुछ इलाकों में नियम कानूनों को ताक पर रखकर पटाखा बेचा जा रहा था। इन बाजारों में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं दिखाई दिए।