डेंगू व मलेरिया से लोग बेहाल
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : बेशक मलेरिया व डेंगू के मामले इस साल पिछले साल की तुलना में कम हैं, लेकिन
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : बेशक मलेरिया व डेंगू के मामले इस साल पिछले साल की तुलना में कम हैं, लेकिन इस महीने इसका प्रकोप बढ़ा है। नगर निगम की रिपोर्ट के अनुसार एक सप्ताह में डेंगू के 23 नए मामले सामने आए हैं। मलेरिया के भी मामले पहले से अधिक सामने आ रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में इस साल अब तक डेंगू के 98 मामले सामने आए हैं। अगस्त के बाद से मामले बढ़े हैं। सितंबर में 65 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इस बार डेंगू का सबसे अधिक प्रभाव दक्षिणी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र में है, जहां 39 मामले सामने आए हैं। उत्तरी दिल्ली में 18 व पूर्वी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र में 13 मामले सामने आए हैं। डेंगू के 23 नए मामलों में उत्तरी दिल्ली नगर निगम के रोहिणी जोन में चार, नरेला में तीन, सिटी व सिविल लाइन जोन में एक-एक मामले शामिल हैं। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के नजफगढ़ जोन में तीन व मध्य जोन में दो मामले सामने आए हैं। पूर्वी दिल्ली नगर निगम के शाहदरा उत्तरी जोन में तीन व शाहदरा दक्षिणी जोन में एक मामला सामने आया है।
रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में इस साल अब तक मलेरिया के 53 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 13 मामलों की पुष्टि अगस्त में हुई थी। जबकि सितंबर में 22 मामलों की पुष्टि हुई है। हालांकि नगर निगम का दावा है कि इस साल डेंगू व मलेरिया का असर कम रहा है। मच्छरों की रोकथाम के लिए निगम ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाया।