आप विधायक के खिलाफ सफाईकर्मियों का प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : हरिनगर से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक जगदीप सिंह के जातिसूचक शब्
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : हरिनगर से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक जगदीप सिंह के जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करने पर निगम के सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने विधायक का पुतला जलाया। बड़ी संख्या में सुभाष नगर स्थित आशा पार्क में सुबह साढे़ ग्यारह बजे एकत्रित होकर कर्मचारियों ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान बड़ी संख्या में निगम अधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद थे।
घटना 27 सितंबर की है। कुछ महिला सफाई कर्मचारी आशा पार्क में बैठकर खाना खा रही थीं। बताया जाता है कि इसी दौरान विधायक जगदीप सिंह वहां पहुंचे और वे पार्क में बैठकर खाना खा रही महिला कर्मचारियों के साथ बदसलूकी से पेश आए। महिला कर्मचारियों का आरोप है कि उन्होंने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उनका सरेआम अपमान किया है। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे यूनियन के अध्यक्ष चेतन चावरिया का कहना है कि महिला सफाई कर्मचारियों के साथ विधायक की ओर से किया गया व्यवहार बचकाना है। इससे कर्मचारियों में रोष है। हालांकि प्रदर्शन के दौरान आप विधायक प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और महिला कर्मचारियों से माफी मांगी। इसके बावजूद कर्मचारियों ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना से निगम अधिकारियों में भी काफी नाराजगी देखने को मिली है।
------------------
आप विधायक के खिलाफ जातिसूचक शब्द कहे जाने से संबंधित एक शिकायत आई है। अभी इसमें कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-रणवीर सिंह, अतिरिक्तआयुक्त, पश्चिमी जिला।
----------
इस संबंध में मेरे पास लिखित शिकायत आई थी। मामला काफी गंभीर है। मामले की जांच कराने के लिए सहायक उपायुक्त को जांच का जिम्मा सौंपा गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-केके दहिया, उपायुक्त, पश्चिमी क्षेत्र, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम।