सड़क दुर्घटना में युवक की मौत
-केबल का तार पहिये में फंसने पर अनियंत्रित हुआ बाइक सवार
-पुलिस ने आरोपी बाइक चालक को किया गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली :
पुल प्रहलादपुर इलाके में एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने दूसरी बाइक पर सवार एक युवक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक डिवाइडर से जा टकराया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी चालक के पीछे बैठे शख्स ने गले में केबल का तार लपेटा था। अचानक तार बाइक के पहिये में फंस गया। इससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दूसरी बाइक से टकरा गई। पुल प्रहलादपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सौरभ विहार निवासी राजेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है। जिस समय यह हादसा हुआ राजेंद्र के साथ एक निजी कंपनी में काम करने वाले राज कुमार भी मौके पर थे। राज कुमार ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार को किसी काम से ओखला आए हुए थे। काम खत्म करने के बाद वह दक्षिणपुरी स्थित अपने घर जा रहे थे। रास्ते में आनंदमयी मार्ग पर राजेंद्र से मुलाकात हुई। दोनों अलग-अलग बाइक पर सवार थे। राज कुमार ने बताया कि तभी एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने राजेंद्र की बाइक पर पीछे से टक्कर मार दी। राहगीरों की मदद से पुलिस ने तत्काल आरोपी पल्सर बाइक सवार ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया।