महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूंका हेमा मालिनी का पुतला
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
वृंदावन की विधवाओं के बारे में दिए गए भाजपा सांसद हेमा मालिनी के बयान के विरोध में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने अशोका रोड स्थित भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने हेमा मालिनी का पुतला भी फूंका। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने कहा कि सांसद के बयान से पार्टी की दोगली नीतियों का पता चलता है।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि एक तरफ तो भाजपा दावा करती है कि वह निर्धन और असहाय लोगों की हितैषी है। दूसरी ओर उन्हीं की पार्टी की एक सांसद द्वारा विधवाओं के संदर्भ में दिया गया बयान अशोभनीय है। इससे पता चलता है कि निर्धन और असहाय लोगों के लिए पार्टी कितनी गंभीर है। प्रदर्शनकारी सुनीता ने कहा कि वृंदावन में अन्य राज्यों से आई जो विधवाएं रह रही हैं, वे खुशी से वहां नहीं आई हैं। निश्चित रूप से वे बेसहारा हैं, तभी उन्हें इस तरह की परिस्थितियों में रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हेमा मालिनी के बयान से बुजुर्ग महिलाओं की भावनाएं आहत हुई हैं। इसके लिए उन्हें सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि निर्धन लोगों के लिए सांसद के विचार निंदनीय हैं।