मणिपुर की युवती से दुष्कर्म
जासं, दक्षिणी दिल्ली : राजधानी में महिलाओं के साथ होने वाले अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मालवीय नगर इलाके में मणिपुर की युवती (19) से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित युवती ने बुधवार को मालवीय नगर थाने में मणिपुर के एक युवक (25) के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी युवक ने करीब डेढ़ महीने पहले उसे खिड़की एक्सटेंशन में किराए पर कमरा दिलाया था। इसके बाद वह अक्सर उसके कमरे पर आता था। उसने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। डर की वजह से उसने पहले कुछ नहीं बताया, लेकिन बुधवार को हिम्मत कर पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने बताया कि पीड़ित युवती व आरोपी दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। युवती दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक कर रही है, जबकि आरोपी युवक दिल्ली में ही निजी कंपनी में काम करता है। आरोपी भी मालवीय नगर इलाके में किराए के मकान में रहता है।