पुलिस की वर्दी में करते थे लूटपाट, गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : मियांवाली थाना पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मनोज और संदीप के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाश रणहौला के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से मोबाइल फोन का सिमकार्ड, पुलिस की वर्दी और एक चाकू बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने जय प्रकाश नामक व्यक्ति को चाकू से हमला कर घायल कर दिया था। पुलिस ने पीड़ित को घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस को बताया था कि चार तारीख की रात को जब वह अपने घर जा रहा था। इसी दौरान उसे तीन लोगों ने घेर लिया। उनमें से एक ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। वह कार में था। तीन बदमाशों ने जबरदस्ती कार को रुकवाया और उसकी कार में सवार हो गए। तीन बदमाशों ने कार में उसकी बुरी तरह से पिटाई की और सोने की चेन, घड़ी, अंगूठी, पर्स और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने किसी राहगीर से मोबाइल फोन लेकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई। 13 तारीख को आरकेपुरम क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि अश्विनी कुमार को रणहौला में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने जय प्रकाश के साथ हुई लूटपाट की घटना कबूल कर ली। बाद में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी मनोज और संदीप को भी रणहौला से गिरफ्तार कर लिया।