राजधानी की सड़कों पर उतरेंगी 400 फीडर बसें
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : राजधानी में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को ठीक करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के बेड़े में 400 अतिरिक्त फीडर बसें शामिल होंगी। इसके लिए दिल्ली परिवहन विभाग ने 6.04 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली के अधिकांश लोग कहीं आने-जाने के लिए दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी), कलस्टर बसें तथा मेट्रो का प्रयोग करते हैं। सभी मेट्रो स्टेशन तक डीटीसी या कलस्टर बसें नहीं जाती हैं। इससे लोग अपने निजी वाहन या फिर ऑटो व रिक्शा से मेट्रो स्टेशन तक पहुंचते हैं। इससे लोगों को परेशानी होती है।
लोगों को मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने में होने वाली समस्या दूर करने के लिए परिवहन विभाग ने डीएमआरसी को 16 रूट पर 117 फीडर बसें चलाने की अनुमति दी है। इससे भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है, क्योंकि अभी भी कई ऐसे इलाके हैं जहां के लोगों को मेट्रो स्टेशन पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इन लोगों की परेशानी को दूर करने के लिए 400 नई फीडर बसें और चलाने की योजना है। इससे लोगों को मेट्रो स्टेशन आने जाने में आसानी होगी।
इसके साथ ही परिवहन विभाग ने डीएमआरसी की 24 नई बसों को चार रूटों पर चलने का परमिट जारी किया है। इन बसों की क्षमता 27 यात्री की है। इन बसों को विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन से बुराड़ी, विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन से गोकलपुरी, हौजखास मेट्रो स्टेशन से छत्तरपुर मेट्रो स्टेशन तथा आजादपुर मेट्रो स्टेशन से कन्हैया नगर मेट्रो स्टेशन तक चलाया जाएगा।