समुदाय भवन की स्थिति नहीं सुधरी तो होगी कार्रवाई : सुदेशना जाटव
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली :
नगर निगम समुदाय सेवा समिति की चेयरमैन सुदेशना जाटव समुदाय भवनों व जिम का दौरा करने के दौरान निगम अधिकारियों पर बरस पड़ीं। जगह-जगह फैली गंदगी, टायलेट की बुरी हालत, उखड़े फर्श, लाइट की खराब हालत देखकर उन्होंने अधिकारियों से जवाब-तलब किया। इस मौके पर पार्षद बंसीलाल ने कर्मचारियों को निलंबित करने की मांग की, लेकिन चेयरमैन ने अधिकारियों व कर्मचारियों को चेतावनी दी कि अगर इन समुदाय भवनों की स्थिति शीघ्र नहीं सुधरी तो उन पर कार्रवाई होगी।
जाटव बुधवार को कृष्णा नगर और गीता कालोनी वार्ड में समुदाय भवनों व जिम का जायजा लेने निकली थीं। पहले उन्होंने कृष्णा नगर के तीन समुदाय भवनों, एक चौपाल व दो जिम का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने गीता कालोनी इलाके में समुदाय भवनों का जायजा लिया। सभी जगहों पर एक जैसी स्थिति थी। सभी जगहों पर गंदगी फैली थी। चारों ओर बदबू थी। टायलेट के फ्लश, नल व वाशबेसिन का बुरा हाल था। बिजली की फिटिंग उखड़ी हुई थी, कई जगहों पर लाइट भी नहीं थीं। उनके साथ दौरे के दौरान मौजूद पार्षद बंसीलाल ने समुदाय भवन की स्थिति देख कर्मचारियों को निलंबित करने की मांग की। जाटव ने कहा कि अभी इन्हें चेतावनी दी जा रही है। अगर स्थिति सही नहीं हुई तो कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समुदाय भवनों के साथ ही जिम की स्थिति भी सुधारने के निर्देश दिए। क्योंकि जिम में व्यायाम के उपकरणों में जंग लग गए थे। इस दौरान पार्षद कल्पना जैन के अलावा वर्क्स, भवन व समुदाय सेवा विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।