हमले का शिकार हुआ पशु प्रेमी
जासं, नई दिल्ली : कुत्ते को मार रहे शरारती तत्वों का विरोध करना एक युवक को बेहद भारी पड़ा। कुत्ते को मार रहे लोगों ने युवक पर ही हमला कर दिया। घटना हजरत निजामुद्दीन थाना क्षेत्र की है।
फरीदाबाद निवासी तेजस मंगलवार को दिल्ली आए थे। देर रात वह वापस फरीदाबाद की ओर लौट रहे थे। तभी तेजस ने निजामुद्दीन दरगाह के पास तीन-चार शरारती तत्वों को एक कुत्ते को मारते हुए देखा। इस पर उन्होंने अपनी कार रोक दी और इसका विरोध किया। इस पर आरोपियों ने तेजस को बुरी तरह पीटा। घटना में तेजस की आंख, नाक और दांत में गहरी चोटें आई हैं। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोपी दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजन ने तेजस को फरीदाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। तेजस जानवरों के अधिकारों के लिए कार्य करते हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।