हर्षोल्लास के साथ मनाई ईद
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
भाईचारे व शांति का प्रतीक ईद-उल फितर का त्योहार मंगलवार को राजधानी में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह जगह-जगह मस्जिदों में लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एकदूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान दिनभर बाजारों में रौनक थी। वहीं पर्यटन स्थलों पर भी आम दिनों के मुकाबले लोगों की संख्या अधिक थी। सुबह से ही हर तरफ नए कपड़े पहने लोग मस्जिदों की तरफ जाते दिखाई पड़ रहे थे। इस दौरान ईदी व अन्य उपहार पाकर बच्चे अधिक उत्साहित नजर आए।
जामा मस्जिद में बड़ी संख्या में लोगों ने सुबह 7.30 बजे ईद की नमाज अदा की। वहीं, फतेहपुरी मस्जिद में भी सुबह 8.30 बजे नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोग चांदनी चौक, कनॉट प्लेस, कमला नगर, लाजपत नगर, सरोजनी मार्केट, जनपथ आदि मार्केटों में खरीदारी करते नजर आए। इसी तरह फिरोजशाह कोटला मस्जिद, आइटीओ, महरौली, बाटला हाउस, कश्मीरी गेट बस अड्डा के मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ देखी गई।
ईद के मौके पर जगह-जगह मेले लगे हुए थे। जहां बच्चों के लिए झूली व आयोजकों ने कई तरह के खेल लगाए थे। दिनभर लोग अपने दोस्तों व रिश्तेदारों के यहां जाकर ईद की मुबारकबाद देते दिखे। लोगों ने सेवइयां, मिठाई व अन्य पकवान का लुत्फ उठाया। छुट्टी का दिन होने के चलते इंडिया गेट, लाल किला, कुतुब मीनार समेत अन्य पर्यटन स्थलों समेत स्थानीय पार्को में लोग घूमते दिखे।
विरोध भी जताया
मंगलवार सुबह जामा मस्जिद में नमाज के बाद कुछ लोगों ने मस्जिद परिसर से बाहर गाजा में हो रहे हमलों के विरोध में इजरायल के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।