जनता का उत्पीड़न नहीं होने दूंगी : अन्नपूर्णा मिश्रा
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली :
पूर्व महापौर व पार्षद डॉ. अन्नपूर्णा मिश्रा ने कहा कि जनता का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर नहीं होने दूंगी, चाहे इसके लिए उन्हें कोई भी कीमत चुकानी पड़े। उन्होंने सोनिया विहार क्षेत्र में तैनात निगम अधिकारियों को भी संदेश दिया कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों व कर्मचारियों को पकड़वाने में मदद करें।
मिश्रा ने सोनिया विहार में चलाए गए सफाई अभियान के दौरान लोगों के शिष्टमंडल को संबोधित करते हुए यह बात कही। शिष्टमंडल ने उन्हें कई अधिकारियों के भ्रष्टाचार में लिप्त होने की शिकायत की थी। डॉ. मिश्रा ने बताया कि उन्होंने सोनिया विहार में बिल्डिंग विभाग में तैनात जेई आरसी जैन को स्थानांतरित करने लिए पूर्वी दिल्ली नगर निगम के स्थायी समिति के अध्यक्ष बीबी त्यागी और नगर निगम शाहदरा उत्तरी जोन की उपायुक्त अलका शर्मा को पत्र लिखा है। डॉ. मिश्रा ने बताया कि जेई के खिलाफ भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और जन उत्पीड़न की काफी शिकायतें आ रही हैं। इस दौरान डा. मिश्रा ने अपनी मौजूदगी में सफाई कार्य करवाया और अधिकारियों को बेहतर सफाई व्यवस्था कायम रखने के संबंध में निर्देश भी दिए।