अवैध निर्माण के खिलाफ निगम ने की कार्रवाई
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :
उपराज्यपाल नजीब जंग के सख्त निर्देश के बाद नगर निगम दक्षिणी व नगर निगम उत्तरी ने अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को जहां नगर निगम उत्तरी ने 26 संपत्तियों पर हथौड़ा चलाया वहीं नगर निगम दक्षिणी के महरौली, छतरपुर व हौजखास में निगम के बुलडोजर चले।
पिछले एक सप्ताह से चल रहे अभियान के तहत दक्षिणी जोन व मध्य जोन में कार्रवाई तेज की गई है। हाईकोर्ट ने महरौली थाना क्षेत्र के छतरपुर गांव की घोड़ेवाली गली में जिस इमारत को ढहाने के आदेश दिए थे, दो दिन की कार्रवाई के दौरान मंगलवार को इसे पूरी तरह ढहा दिया गया। इसके अलावा पर्यावरण कांप्लेक्स, आया नगर, महरौली में भी दिन भर कार्रवाई जारी रही। एक सप्ताह में पूरे जोन में 30 से अधिक अवैध संपत्तियों को तोड़ा गया है। सोमवार व मंगलवार को मध्य जोन में भी अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रही। इस दौरान एक दर्जन संपत्तियों को तोड़ा गया। नगर निगम उत्तरी ने सभी छह जोन में अभियान चलाकर मंगलवार को 26 संपत्तियों को तोड़ दिया। इसमें करोलबाग, रोहिणी, सिविल लाइंस एवं सदर पहाड़गंज जोन में भी कार्रवाई की गई।