एम्स के वरिष्ठ डॉक्टर पर दुष्कर्म का आरोप
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली : एम्स न्यूरोलाजी विभाग के वरिष्ठ डॉक्टर पर 24 वर्षीय एयरलाइंस कर्मचारी ने दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं। उसका आरोप है कि डॉक्टर ने पहले दोस्ती की, फिर झांसा देकर दुष्कर्म किया। युवती की शिकायत पर बुधवार को हौजखास थाने में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि 24 वर्षीय युवती प्राइवेट एयरलाइंस में बतौर क्रू मेंबर काम करती है। युवती ने आरोप लगाया है कि कुछ साल पहले उसकी मुलाकात एम्स के वरिष्ठ डॉक्टर से हुई थी। जान-पहचान बढ़ी तो मिलने का सिलसिला शुरू हुआ। बनारस शहर में भी दोनों कई बार मिले भी थे। जान-पहचान का फायदा उठा डॉक्टर ने उसके साथ बनारस में दुष्कर्म किया। वर्ष 2013 में उसे मिलने के लिए दिल्ली भी बुलाया था। यहां भी डॉक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
हौजखास थाने में बुधवार को शिकायत मिलने पर युवती का एम्स में मेडिकल कराया गया। मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि के बाद हौजखास थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कुछ दिनों तक आरोपी वरिष्ठ डॉक्टर और युवती लिव-इन-रिलेशनशिप में भी रह चुके हैं।