महापौर के नाम पर भाजपा उलझी
फोटो- सिविक सेंटर
-दक्षिणी निगम में नहीं हो सका फैसला, अंतिम तिथि बढ़ाई गई
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली: तीनों नगर निगमों में महापौर का ताज किसे मिले, इस पर फैसला लेने में भाजपा उलझ गई है जिसके चलते महापौर के नाम की घोषणा नहीं हो सकी है। इस कारण नगर निगम दक्षिणी में महापौर पद के लिए नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ानी पड़ी है। पार्टी में आम राय नहीं बन पाने से निगम ने महापौर पद के नामांकन के लिए अंतिम तारीख बढ़ाकर 21 अप्रैल कर दी है। बताया जा रहा है कि इस नगर निगम में कांग्रेस भी महापौर पद के लिए चुनाव लड़ने की तैयारी में है। जिसके चलते कांग्रेस भी चाह रही थी कि नामांकन के लिए समय बढ़ा दिया जाए।
ज्ञात हो कि नगर निगम में एक साल के लिए निर्धारित महापौर का कार्यकाल 31 मार्च को समाप्त हो चुका है। इस बार अनुसूचित जाति से बनने वाले महापौर पद को लेकर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व नगर निगम उत्तरी में स्थायी समिति के पूर्व अध्यक्ष योगेंद्र चंदोलिया, वर्तमान में उपमहापौर पूर्णिमा विद्यार्थी और नगर निगम में शिक्षा समिति के चेयरमैन रामकिशन बंसीवाल व माधव प्रसाद अब दौड़ में बचे हैं। नगर निगम पूर्वी में राजकुमार ढिल्लो, मीनाक्षी व सुदेशना के नाम चल रहे हैं। जबकि नगर निगम दक्षिणी में भाजपा के अंदर अधिक खींचतान है। एक तरफ इस पद पर गांव देहात से पार्षद को लाने की बात हो रही है, जिसमें कर्मवीर शेखर व प्रदीप छावला के नाम चल रहे हैं और इनकी भी मजबूत दावेदारी है। दूसरी ओर निगम की सफाईकर्मी के बेटे व वाल्मीकि समाज से ताल्लुक रखने वाले खुशीराम को महापौर बनाने के लिए भाजपा के कई नेता लामबंद हो रहे हैं। मामला नहीं सुलटने पर भाजपा ने इस नगर निगम में महापौर पद के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 16 अप्रैल से बढ़ाकर 21 अप्रैल कर दी है। उत्तरी और पूर्वी निगम के लिए भी क्रमश: दो और छह दिन बचे हैं और इन पर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है। तीनों नगर निगम में 29 अप्रैल तक महापौर का चुनाव किया जाना है। उधर, प्रदेश भाजपा से जुड़े आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि शीघ्र ही तीनों नगर निगमों में महापौर के लिए नामों की घोषणा कर दी जाएगी। पार्टी में कोई समस्या नहीं है।
नगर निगम उत्तरी- 11 अप्रैल से नामांकन शुरू, अंतिम तारीख 17 अप्रैल-चुनाव 28 अप्रैल
नगर निगम दक्षिणी-11 अप्रैल से नामांकन शुरू, अंतिम तारीख 16 अप्रैल-चुनाव 29 अप्रैल
नगर निगम पूर्वी- 11 अप्रैल से नामांकन शुरू, अंतिम तारीख 21 अप्रैल- चुनाव 29 अप्रैल।