विवेक विहार स्थित ईएसआइ अस्पताल में बच्चे की मौत
जासं, पूर्वी दिल्ली : विवेक विहार स्थित ईएसआइ अस्पताल में बच्चे की मौत से नाराज परिजनों ने हंगामा किया। चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के मुताबिक मृत बच्चे की पहचान चिराग (13) के तौर पर की गई है। चिराग परिवार के साथ अंकुर एंक्लेव में रहता था। परिवार में उसके पिता महेश यादव, मां कमलेश, सहित भाई नन्नू और बहन निशा रहती है। बताया जाता है कि शुक्रवार शाम चिराग के पेट में अचानक दर्द शुरू हुआ। उसके बाद उसे विवेक विहार स्थित ईएसआइ अस्पताल में भर्ती करवाया गया। चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू कर दिया। तभी सोमवार की रात अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। इस दौरान एक चिकित्सक ने उसे इंजेक्शन लगाया। इसके कुछ देर बाद वह उल्टी करने लगा। चिकित्सकों को जब इस बारे में बताया गया तो वे मरीज को देखने भी नहीं आए। तभी कुछ देर के बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस मामले को लेकर परिजनों की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है।