अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान शुरू
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाने के उपराज्यपाल के आदेश के बाद नगर निगमों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम दक्षिणी ने अवैध निर्माण करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का भी फैसला किया है। नगर निगम दक्षिणी जोन के अधिकारियों ने पिछले एक सप्ताह में 23 संपत्तियों को ढहा दिया है। कई संपत्तियां तोड़ने के बाद सील भी की गई हैं। निगम आयुक्त मनीष गुप्ता ने बताया कि अब अभियान तेज किया जाएगा। इस संबंध में पुलिस से भी मदद मांगी गई है।
यहां ढहाया गया अवैध निर्माण
आया नगर, ग्रेटर कैलाश, छतरपुर, छतरपुर एंक्लेव, सुल्तानपुर, यूसुफ सराय, महरौली व मालवीय नगर में अवैध निर्माण को ढहाया गया है। नगर निगम का कहना है कि पुलिस बल न मिलने से महरौली थाना क्षेत्र इलाके में बड़े स्तर पर अभियान शुरू नहीं हो पा रहा है। निगम के अनुसार 18, 20 व 28 जनवरी, 24, 25 व 26 फरवरी तथा 3, 6, 12 व 13 मार्च को निर्धारित दिनों में कार्रवाई नहीं हो सकी।