तीसरे चरण में बनेंगे तीन नए मेट्रो डिपो, तीन होंगे अपग्रेड
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दिल्ली व एनसीआर में छह लाइनों पर दौड़ रही मेट्रो ट्रेन की देखभाल का काम अलग-अलग लाइनों पर बने छह मेट्रो डिपो में हो रहा है। अब तीसरे चरण के लिए डीएमआरसी तीन नए डिपो बनाएगा तथा तीन पुराने डिपो अपग्रेड किए जाएंगे। नए डिपो मुकुंदपुर, मयूर विहार व कालिंदी कुंज में बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा मौजूदा लाइनों का ही तीसरे चरण में जो विस्तार होना है इसके लिए सरिता विहार, यमुना बैंक तथा नजफगढ़ डिपो को अपग्रेड किया जाएगा।
तीसरे चरण में मुकुंदपुर से मयूर विहार तक सबसे लंबी 56 किलोमीटर लाइन पर मेट्रो ट्रेन चलाने के लिए दो डिपो की जरूरत होगी। एक डिपो मयूर विहार और दूसरा डिपो मुकुंदपुर में बनाया जाएगा। इस डिपो में 52 मेट्रो ट्रेनों का रखरखाव किया जाएगा। इसी तरह जनकपुरी वेस्ट से नोएडा बॉटनिकल गार्डन लाइन के लिए कालिंदी कुंज में मेट्रो का तीसरा नया डिपो बनाया जाएगा। इस डिपो में 29 ट्रेनों का रखरखाव किया जाएगा। इन तीन नए डिपो के साथ ही दिल्ली में कुल 10 मेट्रो डिपो हो जाएंगे। इनमें से पांच डिपो ब्रॉड गेज लाइन पर और पांच स्टैंडर्ड गेज लाइन के होंगे।
शास्त्री पार्क, सुल्तानपुर, खैबर पास, मुंडका, सरिता विहार, यमुना बैंक तथा नजफगढ़ मेट्रो डिपो पहले से बने हुए हैं, जिसमें से तीन को अपग्रेड किया जाएगा। हर लाइन पर एक-एक डिपो मेन डिपो होगा जबकि शेष सेकेंडरी डिपो होंगे। डीएमआरसी ने मयूर विहार में डिपो बनाने का काम शुरू कर दिया है। मालूम हो कि दिल्ली तथा एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में तीसरे चरण के तहत 140 किलोमीटर मेट्रो लाइन का विस्तार कार्य जोर-शोर से चल रहा है। जिसे वर्ष 2016 तक पूरा होना है।
दिल्ली में मेट्रो डिपो की स्थिति
ब्रॉडगेज डिपो-
शास्त्री पार्क
खैबर पास
यमुना बैंक
नजफगढ़
सुल्तानपुर
स्टैंडर्ड गेज डिपो-
मुंडका
सरिता विहार
मयूर विहार
मुकुंदपुर
कालिंदी कुंज।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर