पुणे ने तोड़ा पंजाब का सपना, 9 विकेट से हराकर प्लेऑफ में बनाई जगह
पुणे ने पंजाब को 9 विकेट से हरा दिया।
पुणे। आइपीएल 10 के 55वें मैच में पुणे ने पंजाब को 9 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही इस सीजन में पंजाब का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना टूट गया। इस मैच में पुणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए किंग्स इलेवन पंजाब 15.5 ओवर में 73 रन पर सिमट गई। आइपीएल के इतिहास में ये पंजाब का सबसे न्यूनतम स्कोर था। जीत के लिए मिले 74 रन के लक्ष्य को पुणे ने 12 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।
फ्लॉप रहे पंजाब के बल्लेबाज
पहली पारी में पुणे ने पंजाब को पहली ही गेंद पर बड़ा झटका दिया। जयदेन उनादकट ने मैच की पहली ही गेंद पर मार्टिन गप्टिल को बिना खाता खोले ही आउट कर दिया। गप्टिल का कैच मनोज तिवारी ने पकड़ा। शॉन मार्श का बल्ला आज नहीं चला और वो 10 रन बनाकर शर्दुल ठाकुर का शिकार बने। मार्श का कैच स्टीव स्मिथ ने पकड़ा। इयॉन मोर्गन 4 रन बनाकर रन आउट हो गए। राहुल तेवतिया को शर्दुल ठाकुर ने 4 रन पर आउट किया। तेवतिया का कैच उनादकट ने पकड़ा। कप्तान मैक्सवेल पुणे के खिलाफ अपना खाता भी नहीं खोल पाए। मैक्सवेल को शर्दुल ठाकुर ने रहाणे के हाथों कैच आउट करवाया। साहा ने जमकर बल्लेबाजी जरूर करनी चाही लेकिन वो इसमें कामयाब नहीं हो सके। क्रिश्चियन की गेंद पर उनका कैच धौनी ने पकड़ा। साहा ने 13 रन बनाए। अक्षर पटेल 22 रन बनाकर कैच आउट हुए। स्वप्निल सिंह 10 रन बनाकर उनादकट की गेंद पर कैच आउट हुए। इशांत शर्मा को एक रन पर एडम जंपा ने कैच आउट करवाया। मोहित शर्मा भी 6 रन बनाकर जंपा का शिकार बने। मोहित का कैच क्रिश्चियन ने पकड़ा।
पुणे की तरफ से शर्दुल ठाकुर ने सबसे शानदार गेंदबाजी की और तीन विकेट लिए। इसके अलावा जयदेव उनादकट, एडम जंपा और डेनियल क्रिश्चियन ने दो-दो विकेट लिए।
पुणे को मिली आसान जीत
पुणे का पहला विकेट राहुल त्रिपाठी के तौर पर गिरा। राहुल को अक्षर पटेल ने 28 रन पर क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद रहाणे नाबाद 34 रन और स्टीव स्मिथ नाबाद 15 रन की पारी खेलकर टीम को आसान जीत दिला दी।