क्या मैच था, अंतिम गेंद तक अटकी रहीं सांसें, जानिए 5 रोचक बातें
सोमवार को आईपीएल 6 के दौरान खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ किंग्स इलेवन पंजाब की टीम महज 4 रनों से हार गई, लेकिन उसके जांबाज 175 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अंत तक लड़ते रहे। मैच का नतीजा अंतिम गेंद पर निकला। यह मुकाबला काफी रोमांचक था, इतना कि अंत तक सांसें अटकी रहीं।
मुंबई। सोमवार को आईपीएल 6 के दौरान खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ किंग्स इलेवन पंजाब की टीम महज 4 रनों से हार गई, लेकिन उसके जांबाज 175 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अंत तक लड़ते रहे। मैच का नतीजा अंतिम गेंद पर निकला। यह मुकाबला काफी रोमांचक था, इतना कि अंत तक सांसें अटकी रहीं।
आइए, हम आपको बताते हैं इस जबरदस्त मुकाबले की पांच रोचक बातें :
1. रोहित शर्मा का तूफान : वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का मुंबई इंडियंस के कार्यवाहक कप्तान रोहित शर्मा ने जमकर मनोरंजन किया। शर्मा एकबार शुरू हुए तो फिर रुकने का नाम नहीं लिया और अंत तक नाबाद रहे। शर्मा ने 39 गेंद में नाबाद 79 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और इतने ही छक्के शामिल हैं। शर्मा के आगे किंग्स इलेवन पंजाब के गेंदबाज कुछ नहीं कर सके और मुंबई ने निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए।
2. पोलार्ड और गोनी का याराना : मुंबई की पारी के 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर एक मजेदार वाकया देखने को मिला। पहली 4 गेंदों पर 8 रन खर्च कर चुके पंजाब के मनप्रीत गोनी ने मुंबई के किरोन पोलार्ड को एक फुलटॉस गेंद फेंकी, जिसपर पोलार्ड बोल्ड हो गए। गोनी उस विकेट का जश्न मनाने लगे, तभी अंपायर ने नो बॉल करार दिया। यह देखकर पोलार्ड को हंसी आ गई और वह हंसने लगे। गोनी ने इसे अन्यथा नहीं लिया और वे अफसोस करते हुए वापस गेंदबाजी करने चले गए। दोनों ने मैच के दौरान खिलाडि़यों के व्यवहार का एक अच्छा उदाहरण पेश किया।
3. पोलार्ड का जंपिंग जपांग कैच : पांजाब की पारी के 7वें ओवर की पहली गेंद पर शॉन मार्श ने मिडऑन में एक शानदार शॉट लगाया, जो कि सीधे सीमारेखा के बाहर 6 रनों के लिए जा रहा था, लेकिन तभी मुंबई के किरोन पोलार्ड ने हवा में उछलते हुए कैच लपक लिया और मार्श को पवेलियन लौटना पड़ा। पोलार्ड का वह कैच काफी शानदार था।
4. प्रवीण कुमार की जांबाजी : 175 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से प्रवीण कुमार ने जमकर बल्लेबाजी की और अंत समय तक पंजाब को जीत दिलाने की कोशिश की। अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद पर उनका छक्का देखने लायक था। ऐस लग रहा था कि वे पंजाब को मैच जीताकर ही दम लेंगे।
5. अंतिम गेंद का रोमांच : आखिरी पलों में प्रवीण कुमार की जबरदस्त बल्लेबाजी ने मैच को अंतिम गेंद तक खींच लिया। पांचवीं गेंद पर छक्का लगाए जाने के बाद पंजाब को आखिरी गेंद पर जीत के लिए 5 रनों की जरूरत थी। सबकी सांसें अटकी हुई थीं। कुछ भी हो सकता था। पंजाब की टीम जीत भी सकती थी या फिर मैच सुपर ओवर में जा सकता था, लेकिन प्रवीण कुमार गेंद को सीमारेखा के बाहर नहीं भेज सके और सचिन तेंदुलकर को कैच थमा बैठे।
इस तरह किंग्स इलेवन पंजाब को 4 रन से रोमांचक मैच गंवाना पड़ गया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर