विदेश में पहली बार विराट कोहली करेंगे ये नेक काम
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली सोमवार को लंदन के एसएसी मैदान में चैरिटी डिनर देंगे। यह इस साल का सबसे बड़ा चैरिटी खेल आयोजन होगा।
नई दिल्ली, अभिषेक त्रिपाठी। बर्मिघम में भारत-पाकिस्तान मैच के बाद टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली सोमवार को लंदन के एसएसी मैदान में चैरिटी डिनर देंगे। यह इस साल का सबसे बड़ा चैरिटी खेल आयोजन होगा। इससे मिलने वाले धन को कोहली फाउंडेशन भारत में गरीबों की मदद करने में उपयोग करेगा। हालांकि लंदन में आतंकी हमले के बाद आयोजक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हो गए हैं।
कोहली चैरिटी डिनर के लिए दस लोगों के लिए टेबल बुक करने के लिए लोगों ने 1950 से 2750 पौंड (लगभग 1.61 से लेकर 2.28 लाख रुपये) तक का भुगतान किया है। इसमें बीसीसीआइ के पदाधिकारी, पूर्व व वर्तमान क्रिकेटर, वीआइपी के साथ कई सुपरस्टार शामिल होंगे। इसमें लजीज व्यंजन परोसे जाएंगे साथ ही विश्व स्तरीय मनोरंजन की भी व्यवस्था की गई है। साथ ही एक लाइव नीलामी होगी जहां मेहमान स्टार क्रिकेटरों की यादगार चीजों और लग्जरी उत्पादों को खरीदने के लिए बोली लगाएंगे।
कोहली पहली बार विदेश में इस तरह का आयोजन करने को लेकर उत्साहित हैं। लंदन उनके फाउंडेशन के चैरिटी डिनर की मेजबानी करने वाला विदेश का पहला शहर होगा। लोगों की मदद करना इस विस्फोटक भारतीय बल्लेबाज को अच्छा लगता है और इस कार्यक्रम के जरिये वह भारत के वंचित तबके के जीवन में बदलाव लाना चाहते हैं।
क्रिकेट की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
खेल जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें