आतिशबाजी के साथ मुंबई सेमीफाइनल में
ओपनर ड्वेन स्मिथ (25 गेंद में 48 रन) और कप्तान रोहित शर्मा (24 गेंद में 51 रन) की धमाकेदार पारियों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने पर्थ स्कॉर्चर्स पर छह विकेट से जीत दर्ज कर चैंपियंस लीग टी-20 के सेमीफाइनल में जगह बना ली। पांच अक्टूबर को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल में मौजूदा आइपीएल विजेता मुंबई इंडियंस का सामना त्रिनिदाद एंड टोबैगो से होगा।
नई दिल्ली, [अभिषेक त्रिपाठी]। ओपनर ड्वेन स्मिथ (25 गेंद में 48 रन) और कप्तान रोहित शर्मा (24 गेंद में 51 रन) की धमाकेदार पारियों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने पर्थ स्कॉर्चर्स पर छह विकेट से जीत दर्ज कर चैंपियंस लीग टी-20 के सेमीफाइनल में जगह बना ली। पांच अक्टूबर को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल में मौजूदा आइपीएल विजेता मुंबई इंडियंस का सामना त्रिनिदाद एंड टोबैगो से होगा।
पढ़ें: चेन्नई के बाद राजस्थान रॉयल्स टीम भी सेमीफाइनल में पहुंची
बुधवार को रोहित ने टॉस जीतकर पर्थ स्कॉर्चर्स को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। धीमी शुरुआत के बावजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने निर्धारित ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 149 रनों का स्कोर खड़ा किया। मुंबई को सेमीफाइनल में क्वालीफाई करने के लिए 14.2 ओवर में जीत हासिल करनी थी और उसने 13.2 ओवर में ही 152 रन बनाकर अंतिम चार में जगह बना ली। मुंबई ने पहले ओवर से ही धुआंधार बल्लेबाजी की। पहला ओवर फेंकने उतरे स्पिनर माइकल बीयर का स्वागत स्मिथ ने एक चौके और एक छक्के से किया। दूसरा ओवर फेंकने आए तेज गेंदबाज बेहरेनडार्फ की तीसरी गेंद पर स्मिथ ने चौका जड़ा और फिर एक रन बना सचिन को स्ट्राइक दी। पूरा कोटला स्टेडियम सचिन-सचिन के नारे से गूंज रहा था लेकिन करियर के आखिरी दौर में यह महान बल्लेबाज फिर फेल हो गया। पहली गेंद सचिन ने आराम से खेली और कट शॉट लगाया। इस पर कोई रन नहीं बना। दूसरी गेंद पर चौका मारने की कोशिश में वह डीप स्क्वॉयर लेग पर व्हाइटमैन को कैच थमा बैठे। चौके की आस में चिल्ला रहे प्रशंसक सचिन के शून्य पर आउट होने से सदमे में आ गए। मैक्सवेल (10) ने दो चौके जड़े और चलते बने। 34 रन पर दो विकेट गिरने के बाद उतरे 'मैन ऑफ द मैच' रोहित ने स्मिथ के साथ चौतरफा हमला किया। पांचवां ओवर फेंकने आए बीयर पर स्मिथ ने एक चौका और एक छक्का जड़ा। छठे ओवर में रोहित ने छक्का मारकर खाता खोला। अगली गेंद चौके के लिए गई। वह टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ ही उतरे थे। जोल पेरिस के इस ओवर में 19 रन बने। बीयर की जगह आए ब्रॉड हॉग का स्वागत स्मिथ ने छक्के से किया। हालांकि अगली ही गेंद पर बेहरेनडार्फ ने अप्रत्याशित कैच लेकर उन्हें चलता किया। स्मिथ ने अपनी पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए। रोहित ने अगले ओवर में फिर छक्का जड़ा। स्मिथ के आउट होने के बाद आए कैरेबियाई बल्लेबाज कीरोन पोलार्ड (18 गेंद में 23 रन) ने दो चौके और एक गगनचुंबी छक्के के साथ दर्शकों का जबरदस्त मनोरंजन किया। उधर रोहित ने चार छक्कों और तीन चौकों की सहायता से 13वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर अर्धशतक पूरा किया। स्ट्राइक पर आए पोलार्ड, हॉग की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद अंबाती रायुडू ने दो छक्के जड़कर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। स्कॉर्चर्स के लिए बेहरेनडार्फ और हॉग ने दो-दो विकेट झटके।
इससे पहले स्कॉर्चर्स के लिए व्हाइटमैन ने 32 गेंदों में सबसे ज्यादा नाबाद 51 रन बनाए। उन्होंने छह चौके और दो छक्के जड़े। ओपनर एशटन एगर ने धीमी गति से 35 रन बनाए। मुंबई इंडियंस के नाथन कॉल्टर नाइल ने तीन और प्रज्ञान ओझा ने दो विकेट चटकाए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर