रोहित शर्मा ने मुंबई की रितिका से गुपचुप की सगाई
टीम इंडिया का एक और खिलाड़ी जल्दी ही शादी के बंधन में बंधेगा। खबर है कि टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज और आइपीएल में मुंबई इंडियंस के कप्तान को रितिका सजदेश नाम की युवती ने 'बोल्ड' कर दिया है और दोनों ने सगाई कर ली है।
नई दिल्ली। टीम इंडिया का एक और खिलाड़ी जल्दी ही शादी के बंधन में बंधेगा। खबर है कि टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज और आइपीएल में मुंबई इंडियंस के कप्तान को रितिका सजदेह नाम की युवती ने 'बोल्ड' कर दिया है और दोनों ने सगाई कर ली है। एक अंग्रेजी अखबार में छपी खबर के मुताबिक, बीते 28 अप्रैल को दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई।
रोहित ने अपनी लेडी लव को प्रपोज करने के लिए उस जगह को चुना जहां उन्होंने 11 साल की उम्र में अपना पहला मैच खेला था। अखबार के मुताबिक बोरीवली क्लब में रोहित ने आधी रात को रितिका को उस वक्त चौंका दिया जब उनके हाथ में एक अंगूठी थी और कुछ बेहद रोमांटिक प्यार भरे शब्दों के साथ उन्होंने अपनी लेडी लव को प्रपोज कर दिया।
इसके बाद 30 अप्रैल को रोहित के जन्मदिन पर युवराज सिंह ने जन्मदिन की बधाई देने के साथ रोहित और रितिका को उनकी सगाई की ट्विटर पर बधाई दी।
आपको बता दें कि 28 साल की रितिका एक स्पोर्ट्स मैनेजर हैं और दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। रितिका रोहित से जुड़े हर मैच पर भी ध्यान देती हैं। घरेलू मैदान में भी अपने प्यार रोहित शर्मा को बैटिंग करते वक्त देखते हुए रितिका भगवान से दुआ करती रहती हैं। इसके साथ ही रितिका रोहित की बड़ी फैन हैं।
रोहित के जन्मदिन पर रितिका ने ट्वीट कर उन्हें बधाई देते हुए 'माई मेन मैन' लिखा था। रितिका ने ट्वीट में 'हैप्पी बर्थ डे टू माई मेन मैन एंड द बेस्ट पर्सन आइ नो, हैप्पी बर्थडे रोहित।'
रोहित के नाम पर वनडे क्रिकेट में दो दोहरा शतक बनाने के साथ सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड है। रोहित रितिका को 6 सालों से जानते हैं। अब इस लवबर्ड का मानना है कि उनके रिश्ते को अब आगे बढ़ाने का वक्त आ गया है।