विराट, युवराज या रोहित नहीं, इस भारतीय खिलाड़ी से सबसे ज्यादा घबराएगा श्रीलंका
टीम इंडिया के इस खिलाड़ी से आज भी घबराती है श्रीलंकाई टीम।
नई दिल्ली, [स्पेशल डेस्क]। आइसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में गुरुवार को भारत अपना दूसरा मुकाबला खेलने उतरेगा। इस बार सामने होगा हमारा पड़ोसी देश श्रीलंका। दोनों टीमों का वनडे क्रिकेट इतिहास काफी पुराना और दिलचस्प रहा है। इस दौरान कई दिग्गज खिलाड़ी आए और गए लेकिन मौजूदा टीम इंडिया का एक खिलाड़ी ऐसा है जिससे आज भी श्रीलंकाई टीम घबराती है।
- लाजवाब खिलाड़ी, गजब का प्रभाव
हम यहां बात कर रहे हैं टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज व पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की। इस खिलाड़ी ने श्रीलंका के खिलाफ कई मौकों पर ऐसी पारियां खेली हैं जिसको लेकर आज भी श्रीलंकाई गेंदबाजों के मन में खौफ मौजूद है। टीम इंडिया के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी (35 वर्ष, 335 दिन) होने के साथ-साथ धौनी ही इस टीम के वो खिलाड़ी हैं जिसने श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा रन जड़े हैं। धौनी ने श्रीलंका के खिलाफ 2005 से 2013 के बीच 57 वनडे मैचों की 46 पारियों में 61.35 की औसत से 2086 रन बनाए हैं। इसमें दो शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं।
- कौन भूल सकता है वो दो पारियां
श्रीलंका के खिलाफ धौनी हमेशा से ही शानदार रहे हैं। उनकी दो पारियां दो भूलाई नहीं जातीं। पहली है अक्टूबर 2015 में जयपुर के मैदान पर खेली गई नाबाद 183 रनों की धुआंधार पारी जो अब भी धौनी की सर्वश्रेष्ठ वनडे पारी है। क्रिकेट एक्सपर्ट अखिल कुमार कहते हैं, 'धौनी की वो पारी भारतीय वनडे इतिहास में किसी भी विकेटकीपर द्वारा सबसे शानदार पारी थी। उस पारी ने साबित कर दिया था कि वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लंबी पारी खेलने वाले हैं।' वहीं दूसरी है विश्व कप 2011 में खेली गई नाबाद 91 रनों की पारी जिसके दम पर धौनी ने अपनी टीम को दूसरा विश्व कप खिताब हासिल कराया था।
- टीम के बाकी दिग्गजों से कैसे हैं अलग?
टीम इंडिया में इस समय अनुभव और प्रदर्शन के मामले में तीन खिलाड़ी ऐसे हैं जिनसे वनडे क्रिकेट में धौनी की तुलना की जा सकती है।
युवराज सिंह
युवी ने श्रीलंका के खिलाफ 54 मैचों की 48 पारियों में 33.97 की औसत से 1393 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और 9 अर्धशतक शामिल हैं। युवी ने इस दौरान श्रीलंका के खिलाफ 17 विकेट भी लिए हैं।
विराट कोहली
विराट ने श्रीलंका के खिलाफ 40 मैचों की 39 पारियों में 56.24 की औसत से 1856 रन बनाए हैं जिसमें 6 शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं। ऐसे में आप सोच रहे होंगे कि विराट के आंकड़े कुछ मामलों में धौनी से बेहतर नजर आ रहे हैं लेकिन एक फर्क है जिसके बारे में हम आगे आपको बताएंगे।
रोहित शर्मा
वनडे में दो बार दोहरा शतक जड़ने वाले व वनडे का सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ 36 मैचों की 35 पारियों में 34.46 की औसत से 965 रन बनाए हैं। जिसमें 264 रनों की रिकॉर्ड पारी भी शामिल है जो उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ कोलकाता में बनाई थी।
- इस मामले में सबसे जुदा हैं धौनी
धौनी एक बेहतरीन फिनिशर माने जाते हैं और इसका सबूत हैं उनके कुछ आंकड़े जो हमने आपके लिए निकाले हैं। बेशक मौजूदा कप्तान विराट के आंकड़े जबरदस्त हैं लेकिन फिर भी धौनी से कुछ मामलों में वो यहां पीछे हैं। धौनी ने श्रीलंका के खिलाफ 13 मैचों में जब भी 50 से ऊपर का स्कोर बनाया तो भारत को जीत मिली। इसके अलावा आपको ये भी बता दें कि विराट श्रीलंका के खिलाफ 6 बार नॉटआउट रहे हैं, युवराज श्रीलंका के खिलाफ 8 बार नॉटआउट रहे हैं, रोहित श्रीलंका के खिलाफ 7 बार नॉटआउट रहे हैं जबकि धौनी श्रीलंका के खिलाफ 12 बार नॉटआउट रहे हैं जिसमें 10 बार भारत जीता है। इसके अलावा धौनी ने श्रीलंका के खिलाफ विकेटकीपिंग करते हुए 59 कैच पकड़े हैं जबकि 19 स्टंपिंग भी की हैं।
यह भी पढ़ेंः क्या दूसरे मैच में फिर भारी पड़ेगा भारत, जानिए श्रीलंकाई टीम की हकीकत