क्या गंभीर-कोहली में खत्म हो गया पुराना झगड़ा, अब गंभीर ने तोड़ी चुप्पी
समय-समय पर दोनों खिलाड़ी इन बातों को खारिज करते आए हैं। विराट कोहली को लेकर ताजा बयान दिया है गौतम गंभीर ने।
नई दिल्ली। भारतीय ओपनर गौतम गंभीर और टेस्ट कप्तान विराट कोहली के बीच मतभेद की खबरें तब से हवा में हैं जब 2013 के आइपीएल सीजन में मैच के दौरान ही उनकी कहासुनी हो गई थी। हालांकि समय-समय पर दोनों खिलाड़ी इन बातों को खारिज करते आए हैं। विराट कोहली को लेकर ताजा बयान दिया है गौतम गंभीर ने।
गंभीर के मुताबिक वो और विराट काफी हद तक एक जैसे ही हैं। दोनों आक्रामक हैं और दोनों ही क्रिकेट के लिए समर्पित व जोशीले हैं। दोनों ही मैदान पर जीतना चाहते हैं फिर चाहे किसी भी टीम के लिए खेल रहे हों। गंभीर ने कहा, 'जब आप एक विरोधी टीम के खिलाफ खेल रहे होते हैं तब आप बस जीतना चाहते हैं और उसके लिए आपका आक्रामक होना जरूरी होता है। एक लीडर के तौर पर आप चाहते हो कि आपकी टीम भी आपकी तरह ही समर्पित दिखे। हम दोनों (विराट और गंभीर) आक्रामक और जुनूनी हैं।'
क्रिकेट की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इस दौरान गंभीर ने इशारों-इशारों में ये भी माना कि उनकी और विराट की सोच में काफी फर्क भी है। गंभीर ने कहा, 'अगर हमारे विचार एक जैसे नहीं हैं तो इसमें कोई बुराई नहीं है। हम दोनों का लक्ष्य एक ही है। अपनी टीम को जिताना और देश को गौरवान्वित करना। इसमें कुछ भी निजी नहीं है। यही पेशेवर खिलाड़ी की पहचान होती है। हम मैदान के अंदर और मैदान से बाहर भी बहुत अच्छे दोस्त हैं।' खैर, फैंस तो उम्मीद यही करते हैं कि दिल्ली के ये दो धुरंधर आने वाले समय में भी टीम इंडिया के लिए अच्छा प्रदर्शन करते नजर आएं।