क्रिकेटर मोहम्मद शमी के पिता सुपुर्द-ए-खाक
मोहम्मद शमी के वालिद व पूर्व प्रधान तौसीफ अहमद (55) एक महीने से बीमार थे।
जासं, अमरोहा। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के पिता का निधन हो गया। गुरुवार रात उन्होंने गांव सहसपुर अलीनगर में घर पर ही अंतिम सांस ली। मोहम्मद शमी भी कानपुर से शुक्रवार तड़के घर पहुंच गए।
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के वालिद व पूर्व प्रधान तौसीफ अहमद (55) एक महीने से बीमार थे। उन्हें हृदय व गुर्दा संबंधी बीमारियों के साथ शुगर की भी दिक्कत थी। पंद्रह दिन पहले उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पर उनकी हार्ट सर्जरी कराई गई थी। उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। बुधवार को वह बड़े बेटे हसीब अहमद के साथ रूटीन चेकअप के लिए दिल्ली गए। गुरुवार दोपहर बाद वह घर लौट आए। मोहम्मद शमी टीम के साथ कानपुर में थे। छोटा बेटा मोहम्मद कैफ व शमी की पत्नी हुस्न जहां कोलकाता में थे। गुरुवार शाम तौसीफ अहमद की तबीयत फिर बिगड़ गई, जिससे उनका इंतकाल हो गया।
क्रिकेट जगत से जुड़ी अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
जुमे की नमाज के बाद तौसीफ अहमद को गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। उनके दफीने में कैबिनेट मंत्री महबूब अली समेत कई गणमान्य लोग पहुंचे।