अगर ऐसा हुआ तो कॉमनवेल्थ गेम्स में लौट आएगा क्रिकेट
अगर ऐसा मुमकिन हुआ तो राष्ट्रमंडल खेलों में 24 साल बाद क्रिकेट की वापसी होगी।
नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स में क्रिकेट दोबारा देखा जा सकेगा अगर 2022 के संस्करण की मेजबानी बर्मिंघम को मिल गई। अगर ऐसा मुमकिन हुआ तो राष्ट्रमंडल खेलों में 24 साल बाद क्रिकेट की वापसी होगी।
ताजा खबरों के मुताबिक आर्थिक व राजनीतिक समस्या के कारण डरबन के इन खेलों की मेजबानी से पीछे हटने के बाद ब्रिटिश सरकार ने बर्मिंघम को 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के लिए दावा करने का न्योता दिया है।गौरतलब है कि इससे पहले ये मेजबानी डरबन (दक्षिण अफ्रीका) के पास थी। इस खेल आयोजन में आखिरी बार 1998 में क्रिकेट को देखा गया था। कुआला लंपुर (मलेशिया) में हुए उस संस्करण में भारतीय टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूक गई थी। महान पूर्व भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर भी उस भारतीय टीम का हिस्सा थे।