टेस्ट सीरीज के लिए ये भारतीय ओपनर भी जा सकता है श्रीलंका दौरे पर
अभिनव मुकुंद की श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने की राह आसान हो गई है।
मुंबई, जेएनएन। तमिलनाडु के ओपनर अभिनव मुकुंद की श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने की राह आसान हो गई है। मुकुंद के स्थान पर दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारत 'ए' टीम में रवि कुमार समर्थ को चुना गया। जिससे तीसरे ओपनर के रूप में भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किए गए मुकुंद श्रीलंका दौरे पर जा सकेंगे।
मुकुंद को दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारत 'ए' और श्रीलंका दौरे के लिए सीनियर टीम में शामिल किया गया था। इन दौरों की तारीख आपस में टकराने के कारण उनका श्रीलंका दौरे पर जाना संदिग्ध लग रहा था। श्रीलंका में टेस्ट सीरीज 26 जुलाई से 16 अगस्त तक चलेगी जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत 'ए' का चार दिवसीय मैच 12 अगस्त से शुरू होगा।
अच्छे प्रदर्शन का ईनाम : मुकुंद के स्थान पर भारत 'ए' टीम में शामिल किए गए रवि को 2016-17 के रणजी सत्र में अच्छे प्रदर्शन का ईनाम मिला है। उन्होंने इस सत्र में 702 रन बनाए थे।