आसान नहीं होगा केकेआर के गेंदबाजों से निपटना
ब्रैड हॉग टी-20 फॉर्मेट में ठीक उसी तरह फिट होते हैं जैसे बल्लेबाज के हाथ में दस्ताना। उनकी उम्र वनडे और टेस्ट में उन्हें खेलने की इजाजत भले ही न दे लेकिन चार ओवरों के लिए वो काफी कारगर हैं।
(रवि शास्त्री का कॉलम)
ब्रैड हॉग टी-20 फॉर्मेट में ठीक उसी तरह फिट होते हैं जैसे बल्लेबाज के हाथ में दस्ताना। उनकी उम्र वनडे और टेस्ट में उन्हें खेलने की इजाजत भले ही न दे लेकिन चार ओवरों के लिए वो काफी कारगर हैं।
जब आप कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ खेलते हैं तो आपको न सिर्फ हॉग बल्की सुनील नरेन से भी बचना पड़ता है। इन दोनों के आठ ओवर बल्लेबाजों की लय को बिगाड़ने का काम करते हैं। या तो आप विकेट सुरक्षित रखिए या फिर रन बनाइए। लेकिन दोनों चीजें एक साथ कर पाना मुश्किल है। क्रीज पर आए नए बल्लेबाजों का इनका सामना करना और भी मुश्किल है।
बुधवार को होने वाले मैच में मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा काफी अहम होंगे। साथ ही उन्हें पावर प्ले में बेहतर खेल दिखाना होगा। हालांकि मुंबई के बल्लेबाजों के लिए केकेआर के खिलाफ कोलकाता में खेलना आसान नहीं होगा। केकेआर के कप्तान गौतम गंभीर ने दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ दो स्लिप और शॉर्ट लेग के साथ आक्रामक फील्डिंग लगाई थी। देखना होगा कि वो मुंबई के खिलाफ कैसी रणनीति बनाते हैं। केकेआर ऐसी टीम है जिसके बल्लेबाज नहीं चले तो गेंदबाज चलते हैं और अगर दोनों नहीं चल पाए तो इसकी भरपाई ऑलराउंडर पूरी कर देते हैं।
दूसरी ओर मुंबई भी कहीं से कमजोर नजर नहीं आती। बल्लेबाजी में मुंबई का पलड़ा भारी है तो गेंदबाजी में नाइटराइडर्स मजबूत है। दोनों टीमों के पास सितारों की भरमार है। लेकिन इंग्लैंड के पोस्टर ब्वॉय जोस बटलर और कॉलिन मुनरो के प्रदर्शन पर नजर रहेगी। बटलर मुंबई इंडियंस और मुनरो कोलकाता की ओर से खेल रहे हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स अपने होम ग्राउंड पर हारना नहीं चाहेगी।
(टीसीएम)