भारतीय वनडे इतिहास में कटक में पहली बार हुआ ऐसा कमाल..
वनडे क्रिकेट के इतिहास पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में हुआ ऐसा।
नई दिल्ली, संजय सावर्ण। इंग्लैंड के खिलाफ कटक वनडे में युवराज सिंह और महेंद्र सिंह धौनी ने जैसी पारी खेली उसे क्रिकेट फैंस शायद ही कभी भूल पाएंगे। ये पारी कई मामलों में बेहद खास रही मगर भारतीय वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ।
भारतीय वनडे इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा
भारतीय वनडे क्रिकेट के इतिहास में कटक में पहली बार ऐसा हुआ जब 35 वर्ष या उससे ज्यादा की उम्र के दो बल्लेबाजों ने किसी वनडे मैच में साथ में बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया। दूसरे वनडे में इंग्लैंड के खिलाफ युवराज (150 रन) और धौनी (134 रन) ने शतक लगाया था। ये दोनों बल्लेबाज फिलहाल 35 वर्ष के हैं। हालांकि इससे पहले इस उम्र में भारत की तरफ से वनडे में 50 या उससे ज्यादा रन सुनील गावस्कर और मोहिंदर अमरनाथ ने वर्ष 1986 में एमसीजी में बनाए थे। उस मैच में गावस्कर ने 59 और अमरनाथ ने 58 रन बनाए थे।
विश्व क्रिकेट में तीसरी बार हुआ ऐसा
विश्व क्रिकेट की बात करें तो वनडे क्रिकेट में ये वाकया तीसरी बार हुआ। सबसे पहले वर्ष 2015 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में श्रीलंका के दिलशान और संगकारा ने शतक लगाया था। उस वक्त दोनों की उम्र 35 वर्ष थी। इसके ठीक बाद इसी वर्ष होबार्ट में स्कॉटलैंड के खिलाफ इन्हीं दोनों ने एक बार फिर से शतक लगाया। इसके दो वर्ष के बाद अब इंग्लैंड के खिलाफ धौनी और युवराज ने ये कमाल किया।