स्मिथ ने नहीं इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने दिया टीम इंडिया को ‘विराट दर्द’
रांची टेस्ट मैच के पहले दिन विराट कोहली को चोट लग गई और वो मैदान से बाहर चले गए। टीम इंडिया के लिए ये चोट गंभीर साबित हो सकती है।
नई दिल्ली, प्रदीप सहगल। रांची में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने भले ही शतक जमा दिया हो। लेकिन टीम इंडिया को ‘विराट दर्द’ किसी बल्लेबाज़ ने दिया, तो वो थे पीटर हैंड्सकॉम्ब। आप सोच रहे होंगे कि 19 रन बनाने वाले हैंड्सकॉम्ब ने ऐसा क्या कर दिया। जिससे टीम इंडिया को भारी नुकसान हो गया।
पीटर हैंड्सकॉम्ब ने दिया 'विराट दर्द'
रांची टेस्ट मैच के पहले दिन लंच के बाद पीटर हैंड्सकॉम्ब ने रवींद्र जडेजा की एक गेंद को मिड-विकेट की तरफ खेला। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली गेंद के पीछे दौड़े। कोहली, जो एक शानदार फील्डर हैं, ने छलांग लगाकर गेंद को रोकने का प्रयास किया लेकिन इस नीचे गिरते समय उनका दायां कंधा जमीन से टकराया। गिरते ही कोहली के कंधे में दर्द शुरू हो गया। हालांकि कोहली ने बाउंड्री तो रोक ली। लेकिन उनके चेहरे पर हो रहा दर्द साफ झलक रहा था।
इस गेंद क बाद विराट कोहली को मैदान से बाहर जाना पड़ा। इस घटना के बाद पहले दिन का खेल खत्म होने तक विराट कोहली मैदान पर नहीं लौटे और अजिंक्य रहाणे ने ही मैदान पर भारतीय टीम की कमान संभाली।
Oh dear! Virat's in a spot of bother. Landed awkwardly chasing down the ball. Ajinkya will stand-in for him as he takes a break #INDvAUS pic.twitter.com/JCZzbeK6sX— BCCI (@BCCI) 16 March 2017
(ट्वीट साभार- बीसीसीआइ)
विराट कोहली की ये चोट अगर गंभीर हुई तो टीम इंडिया को इसका भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। ये टेस्ट सीरीज़ इस समय 1-1 की बराबरी पर है। तो ऐसे सीरीज़ के इस नाजुक मोड़ पर भारतीय टीम को अपने कप्तान की सख्त जरूरत है।