सहवाग-धौनी नहीं, विराट हैं इस खिलाड़ी के लिए बेहद लकी
विराट कोहली इस भारतीय खिलाड़ी के लिए बेहद लकी साबित हो रहे हैं।
नई दिल्ली, संजय सावर्ण। आर. अश्विन टेस्ट मैचों में भारतीय टीम के लिए कमाल कर रहे हैं। कप्तान विराट को अश्विन पर पूरा भरोसा है और वो इस पर हमेशा खरे उतरते हैं। विराट की कप्तानी में अश्विन गजब ढा रहे हैं और उनका प्रदर्शन निरंतर और उम्दा होता जा रहा है। आइए आपको बतातें हैं कि कैसे विराट बेहद लकी हैं अश्विन के लिए।
भारतीय कप्तानों के साथ अश्विन का प्रदर्शन
अश्विन शानदार गेंदबाज हैं इसमें किसी को शक नहीं है मगर विराट की कप्तानी में वो और निखर रहे हैं साथ ही उनका प्रदर्शन उम्दा होता चला जा रहा है। अब आपको बताते हैं कि टेस्ट क्रिकेट में अश्विन ने किन-किन भारतीय कप्तानों के साथ खेला है और उनका प्रदर्शन कैसा रहा है। अश्विन महेंद्र सिंह धौनी और वीरेंद्र सहवाग की कप्तानी में भारत के लिए टेस्ट मैच खेल चुके हैं और मौजूदा समय में वो विराट कोहली की कप्तानी में भारत के लिए खेल रहे हैं।
अश्विन धौनी की कप्तानी में 22 टेस्ट मैच खेल चुके हैं और 28.8 की औसत से 109 विकेट ले चुके हैं। इनमें 9 इनिंग में उन्होंने पांच विकेट लिए। सहवाग की कप्तानी में अश्विन ने सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला है जिसमें उन्होंने 53.4 की औसत से पांच विकेट लिए थे। विराट कोहली की अगुआई में अश्विन ने अब तक 19 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 19.8 की औसत से 118 विकेट लिए हैं साथ ही 13 इनिंग में पांच विकेट लिए हैं।