मुंबई के लिए खराब साबित हुआ कप्तान रोहित शर्मा के बल्ले का चलना
मुंबई के फैंस को रोहित शर्मा के बल्ले के चलने का लंबे समय से इंतजार था।
नई दिल्ली, जेएनएन। आइपीएल में मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा का सोमवार के मैच में लगाया गया अर्धशतक उनकी टीम को जिताने के काम नहीं आया। मुंबई के फैंस को रोहित शर्मा के बल्ले के चलने का लंबे समय से इंतजार था, लेकिन उनका बल्ला चला तो वह टीम को जीत नहीं दिला सके।
रोहित शर्मा की टीम का सोमवार को स्टीव स्मिथ की पुणे से मुकाबला था। पुणे ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। जवाब में रोहित शर्मा की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 157 रन ही बना सकी और तीन रनों से मैच गंवा बैठी।
मुंबई के कप्तान रोहित ने 39 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 58 रन बनाए। वह आखिरी ओवर में पुणे के गेंदबाज जयदेव उनादकट का शिकार बने। उनके क्रीज पर रहते मुंबई के फैंस को जीत की उम्मीद थी, लेकिन उनके आउट होने के बाद वह उम्मीद भी धराशाई हो गई। रोहित के बाद मुंबई की ओर से सर्वाधिक रन ओपनर पार्थिव पटेल (33) ने बनाए। इस मैच से पहले रोहित अपनी बल्लेबाजी से दर्शकों को केवल एक बार ही प्रभावित कर सके थे।
रोहित ने आइपीएल 10 के 8 मैचों में 112 बनाए हैं। इस मैच से पहले उन्होंने दिल्ली के खिलाफ 5, गुजरात के खिलाफ 40 नाबाद, बैंगलोर के खिलाफ 00, हैदराबाद के खिलाफ 4, कोलकाता के खिलाफ 2 और पुणे के खिलाफ 3 रन बनाए थे। पंजाब के खिलाफ उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला था। उम्मीद है कि वह आने वाले मैचों में दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।