पावरप्ले के दौरान मुंबई से ऐसे प्रदर्शन की उम्मीद किसी को नहीं थी
शुक्रवार रात किंग्स इलेवन पंजाब और मुंबई इंडियंस के बीच हुए आइपीएल-9 के मुकाबले में पंजाब ने मुंबई को 7 विकेट से करारी मात दी। इस हार में मुंबई की शुरुआत और ढीली बल्लेबाजी दोषी रही। उन्होंने शुरुआत में ऐसी बल्लेबाजी की जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी।
विशाखापट्टनम। शुक्रवार रात किंग्स इलेवन पंजाब और मुंबई इंडियंस के बीच हुए आइपीएल-9 के मुकाबले में पंजाब ने मुंबई को 7 विकेट से करारी मात दी। इस हार में मुंबई की शुरुआत और ढीली बल्लेबाजी दोषी रही। उन्होंने शुरुआत में ऐसी बल्लेबाजी की जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। इस पूरे सीजन में ऐसी ढीली शुरुआत अब तक किसी टीम ने नहीं की है।
मुंबई ने पंजाब के खिलाफ इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। ऐसा लगा कि कप्तान रोहित शर्मा ने पिच को समझने के बाद ही ये फैसला लिया होगा और वो बेहतरीन बल्लेबाजी करने की तैयारी से आए हैं.....लेकिन हुआ ठीक इसका उल्टा। मुंबई ने इतनी धीमी बल्लेबाजी की, कि सारी उम्मीदें ढेर हो गईं। उन्होंने पावरप्ले (शुरुआती 6 ओवरों) में दो विकेट गंवाते हुए कल 21 रन ही बनाए। इस दौरान उनमुक्त चंद और अंबाती रायुडू दोनों ही शून्य पर पवेलियन लौट गए। ये धीमी शुरुआत ही थी जिस वजह से मुंबई की टीम 20 ओवरों में 9 विकेट खोते हुए सिर्फ 124 रन बना सकी। नतीजतन पंजाब ने ये लक्ष्य महज 16 ओवर में ही हासिल करके 7 विकेट से जीत दर्ज की।