क्या विराट दोहरे शतक के मामले में इस पूर्व खिलाड़ी को छोड़ पाएंगे पीछे
इंदौर टेस्ट में विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली पारी में दोहरा शतक लगाया और इस वर्ष दो दोहार शतक लगाने वाले पहले भारतीय टेस्ट कप्तान बन गए।
नई दिल्ली। इंदौर टेस्ट में विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली पारी में दोहरा शतक लगाया और इस वर्ष दो दोहार शतक लगाने वाले पहले भारतीय टेस्ट कप्तान बन गए। मगर एक टेस्ट कप्तान ऐसा भी है जो एक वर्ष में चार दोहरा शतक लगाने का अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम किया हुआ है। यानी विराट के लिए इस टेस्ट कप्तान को पीछे छोड़ना जरा मुश्किल नजर आता है।
विराट के पास इस रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका
विराट ने इसी वर्ष जुलाई में नार्थ साउंड में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला दोहरा शतक (200) लगाया था। इसके बाद उन्होंने इंदौर टेस्ट में 211 रनों की पारी खेली। उनके पास अभी क्लार्क के रिकॉर्ड को तोड़ने या बराबरी का मौका रहेगा, क्योंकि भारत को इस वर्ष अभी इंग्लैंड के खिलाफ अपने घर में पांच टेस्ट मैच और खेलने हैं।
क्लार्क ने 2012 में किया था ये कमाल
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने वर्ष 2012 में टेस्ट कप्तान के तौर पर टेस्ट मैचों में 4 दोहरा शतक लगाया था। उन्होंने भारत के खिलाफ जनवरी में सिडनी टेस्ट में नाबाद 329 और एडिलेड टेस्ट में 210 रन बनाए थे। उन्होंने इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नवंबर में ब्रिस्बेन में नाबाद 259 और फिर एडिलेड में 230 रनों की धमाकेदार पारियां खेली थी।
मैकुलम भी पीछे नहीं
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान मैकुलम भी इस मामले में पीछे नहीं हैं। उन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में तीन दोहरे शतक लगाए थे। मैकुलम ने वर्ष 2014 में ये कमाल किया था। उन्होंने भारत के खिलाफ फरवरी 2014 में ऑकलैंड में 224 रन बनाए थे और फिर वेलिंगटन टेस्ट में 302 रनों की पारी खेली थी। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ शारजाह में दोहरा शतक (202) जमाया। वे मात्र 5 रनों से साल में चौथा दोहरा शतक बनाने से चूके जब वे श्रीलंका के खिलाफ क्राइस्टचर्च में बॉक्सिंग डे टेस्ट (26 दिसंबर) मैच में 195 पर आउट हुए थे।
ब्रैडमैन, चैपल, लारा, स्मिथ की श्रेणी में आ गए विराट
कप्तान के रूप में एक साल में दो दोहरे शतक लगाने वाले दिग्गजों में सर डॉन ब्रैडमैन, ग्रैग चैपल (दोनों ऑस्ट्रेलिया), ब्रायन लारा (वेस्टइंडीज), ग्रीम स्मिथ (द. अफ्रीका) और विराट कोहली (भारत) शामिल है।