छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा शहादत
केंद्रीय सुरक्षा बल के सबसे ज्यादा जवान छत्तीसगढ़ के नक्सल मोर्चे पर शहीद हुए हैं। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ में ही 2014 में 31 जवान शहीद हुए। देश भर में कुल 89 जवान केंद्रीय पुलिस बल के शहीद हुए हैं।
रायपुर [ब्यूरो]। केंद्रीय सुरक्षा बल के सबसे ज्यादा जवान छत्तीसगढ़ के नक्सल मोर्चे पर शहीद हुए हैं। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ में ही 2014 में 31 जवान शहीद हुए। दूसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश है, जहां 30 शहादत हुई। देश भर में कुल 89 जवान केंद्रीय पुलिस बल के शहीद हुए हैं। इससे ज्यादा चौंकाने वाली जानकारी आत्महत्या करने वाले जवानों को लेकर है।
नक्सल मोर्चे पर तैनात जवान ने सबसे ज्यादा आत्महत्या विवाह संबंधी मुद्दों के कारण की है। देश में 175 जवानों ने आत्महत्या की है, जिसमें 25 फीसदी जवानों ने शादी के कारण जान दी। एनसीआरबी ने आत्महत्या के कारणों का विस्तार से अध्ययन किया है। 10 फीसदी से ज्यादा ने पारिवारिक दिक्कतों के कारण आत्महत्या की, वहीं 8.6 फीसदी जवान नौकरी का तनाव नहीं झेल पाए। 8 फीसदी से ज्यादा जवानों ने मानसिक तनाव और अवसाद के कारण जान दी।
देश में केंद्रीय पुलिस बल के 1232 जवानों ने जान गंवाई है। इसमें 32 फीसदी रोड और रेलवे एक्सीडेंट में, आठ फीसदी से ज्यादा प्राकृतिक आपदा और 7 फीसदी से ज्यादा जवानों की मौत ऑपरेशन के दौरान हुई है।
महिला किसानों ने की आत्महत्या
छत्तीसगढ़ में महिला किसानों की आत्महत्या का भी रिकॉर्ड बना है। एनसीआरबी के अनुसार कर्ज से परेशान 11 फीसदी महिला किसानों ने आत्महत्या की है। इस मामले में तेलंगाना नंबर वन और छत्तीसगढ़ चौथे पायदान पर है। किसानी मामलों को लेकर 17 फीसदी किसानों ने आत्महत्या की। फसल खराब होने के कारण 16 फीसदी से ज्यादा ने जान दी। बीमारी के कारण भी 13 फीसदी से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या की है। देश में 5650 किसानों ने आत्महत्या की, जिसमें 59 किसान 18 वर्ष से कम उम्र के थे।