राहुल आएंगे आज, कोल ब्लॉक विस्थापितों से मिलेंगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की दो दिवसीय छत्तीसगढ़ यात्रा सोमवार को शुरू हो जाएगी। इस दौरान डबरा में होने वाली सभा में प्रदेशभर के 50 हजार लोगों को पहुंचाने की तैयारी है।
रायपुर [ब्यूरो] कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की दो दिवसीय छत्तीसगढ़ यात्रा सोमवार को शुरू हो जाएगी। इस दौरान डबरा में होने वाली सभा में प्रदेशभर के 50 हजार लोगों को पहुंचाने की तैयारी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी विधायकों और विधानसभा प्रत्याशियों को जिम्मेदारी बांटी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कांग्रेस भवन में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि राहुल गांधी की डभरा सभा के लिए पूरे प्रदेश से बड़े पैमाने पर कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचेंगे। प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों, जिला कांग्रेस अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को साथियों सहित डभरा कार्यक्रम में पहुंचने की जवाबदारी दी गई है। 90 विधानसभाओं से विधायक और विधानसभा प्रत्याशी अपने-अपने साथियों, समर्थकों और विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ डभरा पहुंचेंगे।
राहुल गांधी सोमवार को सुबह आठ बजे विशेष विमान से बिलासपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से मदनपुर पहुंचेंगे। वहां कोयला खदान से प्रभावितों से लगभग डेढ़ घंटे चर्चा करेंगे। इस दौरान कोल ब्लॉक से विस्थापितों की राहुल गांधी से एकांत में चर्चा होगी। मदनपुर कार्यक्रम का समन्वयक नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव को बनाया गया है। इसके बाद राहुल गांधी सड़क मार्ग से कुदमुदा पहुंचेंगे। यहां हाथियों के आतंक से प्रभावित किसानों से मुलाकात करेंगे। कुदमुदा कार्यक्रम का समन्वयक पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत को बनाया गया है। उनके साथ विधायक श्यामलाल कंवर, जयसिंह अग्रवाल, लालजीत सिंह राठिया, रामदयाल उइके रहेंगे। सोमवार को राहुल गांधी रात्रि विश्राम सक्ती में करेंगे।
भूपेश ने बताया कि राहुल गांधी की साराडीह से डबरा तक की पदयात्रा में भाग लेने के लिए उत्साह देखा जा रहा है। सुबह सात बजे से शुरू होने जा रही पदयात्रा में भाग लेने के लिए 6 बजे से ही कार्यकर्ता पहुंचने लगेंगे। कांग्रेस और कांग्रेस के मोर्चा संगठनों, महिला कांग्रेस, सेवादल, युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता पदयात्रा में राहुल गांधी का हमकदम बनकर चलेंगे। पदयात्रा में छत्तीसगढ़ के भू-अधिग्रहण के महत्वपूर्ण मामलों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जा रहा है। दोपहर 2 बजे आमसभा का कार्यक्रम डबरा में रखा गया है।