नक्सली गढ़ सुकमा आएंगे राजनाथ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दंतेवाड़ा दौरे के बाद अब केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह सुकमा आएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से सौजन्य मुलाकात की। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह 19 मई के बाद छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ सकते हैं।
रायपुर [ब्यूरो]। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दंतेवाड़ा दौरे के बाद अब केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह सुकमा आएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री को सुकमा में फोर्टिफाइड पुलिस स्टेशन के लोकार्पण और वहां दंतेवाड़ा की तर्ज पर बच्चों के लिए बन रही शिक्षा नगरी [एजुकेशन सिटी] के अवलोकन के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने राजनाथ सिंह से नया रायपुर में निर्मित पुलिस मुख्यालय भवन के उद्घाटन का भी आग्रह किया। केंद्रीय गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री के आमंत्रण पर सहमति दी है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार बस्तर संभाग के सभी नक्सल प्रभावित जिलों में विकास और सुरक्षा दोनों मोर्चों पर बेहतर ढंग से कार्य कर रही है। इसके सकारात्मक परिणाम मिल रहे है।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को बताया कि दंतेवाड़ा की तर्ज पर सुकमा में भी बच्चों को शिक्षा की बेहतर सुविधा देने के लिए लगभग 130 एकड़ में सभी सुविधाओं से परिपूर्ण शिक्षा नगरी [एजुकेशन सिटी] का निर्माण किया जा रहा है। इसमें लगभग छह हजार बच्चे शिक्षा प्राा करेंगे। नया रायपुर में 15 हेक्टेयर के रकबे में लगभग 16 हजार 500 वर्ग मीटर भू-खण्ड पर पुलिस मुख्यालय भवन बनवाया गया है, जो संभवत: भारत के सर्वश्रेष्ठ और सर्वसुविधायुक्त पुलिस मुख्यालयों में से एक है।
19 मई के बाद आएंगे राजनाथ
उच्च प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह 19 मई के बाद छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ सकते हैं। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान बस्तर दौरे की सहमति दी है, लेकिन अभी तारीख तय नहीं हो पाई है। दरअसल, सुकमा का नाम राज्य के उन जिलों में है, जहां नक्सली एक तरह से समानांतर सरकार चला रहे हैं। नक्सलियों ने अधिकांश बड़ी वारदात इसी इलाके में की है। इसको देखते हुए केंद्र सरकार ने सुकमा को लेकर विशेष रणनीति बनाई है।