फिर नक्सली हमला, 6 जवान शहीद
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने दो और नक्सली हमले कर छह जवानों की जान ले ली। दंतेवाड़ा जिले में बारूदी सुरंग के धमाके में 5 जवान शहीद हो गए और सात अन्य घायल हो गए। वहीं कांकेर जिले में रविवार रात किए गए हमले में एक जवान शहीद हो गया।
रायपुर [ब्यूरो]। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने दो और नक्सली हमले कर छह जवानों की जान ले ली। दंतेवाड़ा जिले में बारूदी सुरंग के धमाके में 5 जवान शहीद हो गए और सात अन्य घायल हो गए। वहीं कांकेर जिले में रविवार रात किए गए हमले में एक जवान शहीद हो गया।
दंतेवाड़ा के किरंदुल-चोलनार मार्ग पर नक्सलियों ने एंटी लैंडमाइन वाहन को ब्लास्ट करके उड़ा दिया, जिसमें पांच जवान शहीद हो गए और सात घायल हैं। पुलिस की गाड़ी में वाहन चालक सहित 12 पुलिसकर्मी थे।
वाहन के कल-पुर्जे एक किमी दूर खेत में मिले
एडीजी नक्सल ऑपरेशन आरके विज ने बताया कि किरंदुल मार्ग पर एरिया डॉमिशन के दौरान संकरी पुलिया के समीप नक्सलियों ने विस्फोट किया। इसकी जद में आने से एंटी लैंड माइन वाहन के परखच्चे उड़ गए। विस्फोट से सड़क के बीचोबीच लगभग 13 फीट गड्ढा भी हो गया। वाहन के टायर, कल-पुर्जे आदि एक से डेढ़ किमी दूर खेतों में पड़े मिले।
100 नक्सलियों ने किया बीएसएफ कैंप में हमला
कांकेर जिले में बांदे थानांतर्गत ग्राम छोटे बेटिया में महज एक महीना पहले बने बीएसएफ कैंप पर रविवार रात नक्सलियों ने हमला कर दिया। रात लगभग 11 बजे लगभग 100 हथियार बंद नक्सलियों ने बीएसएफ कैंप पर धावा बोला और दोनों ओर से घंटों फायरिंग की, जिसमें बीएसएफ के एक जवान रमेश कुमार सोलंकी 45 वर्ष शहीद हो गए। वह उप्र के बुलंदशहर के निवासी थे।
अब तक 13 जवान शहीद
छग में तीन दिन में चार हमले हो चुके हैं। इनमें 13 जवान शहीद हुए हैं। शनिवार को सुकमा हमले में एसटीएफ के 7 जवान शहीद हो गए और 10 अन्य घायल हो गए। रविवार को कांकेर में खनन कार्य में लगे 17 वाहनों को फूंक दिया गया था।
शहीदों को वीरता पदक : राजनाथ
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने नक्सली हमले में शहीद जवानों को वीरता पदक देने की घोषणा की है। शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए राजनाथ ने नई दिल्ली में कहा कि दिवंगत जवानों के परिजन की पूरी सहायता की जाएगी।
हमला कायराना कृत्य
बलरामजी दास टंडन, राज्यपाल ने बताया कि नक्सलियों का यह कृत्य अमानवीय एवं कायराना है, जो उनकी कुत्सित मानसिकता को प्रकट करता है। जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
हिंसा बौखलाहट की प्रतीक
डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री ने कहा है कि ये वारदातें नक्सलियों की बौखलाहट की प्रतीक हैं। सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव से नक्सली कमजोर पडऩे लगे हैं।
समन्वय की कमी
भूपेश बघेल, छग प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री रमन सिंह ने स्वयं समन्वय की कमी की बात स्वीकारी है। यूनिफाइड कमान के प्रमुख सिंह है। रमन सिंह को अपनी नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करने का साहस दिखाना चाहिए।