कर्मचारियों को आरएसएस की शाखा में जाने की छूट पर विपक्ष का बहिर्गमन
रायपुर [ब्यूरो]। शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ [आरएसएस] की शाखा में जाने की
रायपुर [ब्यूरो]। शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ [आरएसएस] की शाखा में जाने की छूट दिए जाने का मामला बुधवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में जोरशोर से उठा। कांग्रेस विधायकों ने नियम 131 के अंतर्गत इस पर चर्चा की मांग की। विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने कहा कि यह प्रस्ताव उनके पास विचाराधीन है। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने भगवाकरण बंद हो के नारे लगाते हुए सदन से बहिर्गमन कर दिया। इस दौरान सत्तापक्ष के विधायकों ने जय-जय श्रीराम के नारे लगाए।
प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद कांग्रेस विधायक अमित जोगी ने यह मामला उठाते हुए कहा कि शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को सरकार ने आरएसएस की शाखा में जाने की छूट दे दी है। यह अहम विषय है। हमने इस पर नियम 131 के अंतर्गत चर्चा कराने के लिए प्रस्ताव दिया है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष ने मंगलवार को भी यह मामला उठाया था। उन्होंने कल भी बताया था कि मामला उनके पास विचाराधीन है।
विधायक अमित जोगी ने कहा कि विपक्ष स्थगन के माध्यम से चर्चा नहीं कराना चाहता, लेकिन इस मामले में नियम 131 के तहत चर्चा कराई जानी चाहिए। यह संविधान की आस्था का प्रश्न है। इसके बाद कांग्रेस के अधिकांश सदस्य एकसाथ खडे़ होकर शोरशराबा करने लगे।
चर्चा की अनुमति नहीं मिलने पर कांग्रेस सदस्यों ने कांग्रेस विधायक अमित जोगी के नेतृत्व में सदन से बहिर्गमन कर दिया। इसके बाद सत्तापक्ष के विधायकों ने भी 'जय-जय श्रीराम' के नारे लगाए। सत्तापक्ष के विधायक महेश गागड़ा ने कहा कि यहां कांग्रेस का नेता नहीं है। नेता बनने की होड़ और शक्ति प्रदर्शन देखने को मिल रहा है।