आईटीबीपी के जवान ने कैंप में लगाई फांसी
रायपुर [निप्र]। राजधानी से लगे खरोरा में भारत तिब्बत सीमा पुलिस [आईटीबीपी] के एक जवान ने मंगलवार शाम
रायपुर [निप्र]। राजधानी से लगे खरोरा में भारत तिब्बत सीमा पुलिस [आईटीबीपी] के एक जवान ने मंगलवार शाम अपने कैंप में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन चर्चा है कि विभागीय प्रता़़डना से वे परेशान थे।
जानकारी के मुताबिक मूलत: कर्नाटक के बागलकोट जिले के पिठार, निलांगर निवासी बिट्टल पीके [29] पिता पित्तपा आरके 38वीं बटालियन आईटीबीपी में पदस्थ थे। एक साल से वे खरोरा में थे। मंगलवार दोपहर वे ड्यूटी करने के बाद अपने कैंप में चले गए। उसके बाद बाहर नहीं निकले। शाम सवा चार बजे उनके साथ रहने वाले जवान बैरक में गए तो बिट्टल ने खि़़डकी के राड के सहारे रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। तत्काल जवानों की मदद से उसे खरोरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि बैरक की तलाशी लेने पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। साथी जवानों ने जानकारी दी कि वे कई दिनों से परेशान थे। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही आईटीबीपी के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली।