आत्मसमर्पित नक्सली दे रहे बड़े कैडर की जानकारी
रायपुर [ब्यूरो]। छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर हो रहे आत्मसमर्पण से नक्सलियों में दहशत का माहौल है। छत
रायपुर [ब्यूरो]। छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर हो रहे आत्मसमर्पण से नक्सलियों में दहशत का माहौल है। छत्तीसगढ़ पुलिस आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के माध्यम से अन्य नक्सलियों से संपर्क साध रही है। इसे देखते हुए नक्सलियों ने आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के खिलाफ पर्चे जारी करना शुरू कर दिया है। प्रदेश में पिछले एक साल में 300 से ज्यादा नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। प्रदेश में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली बड़े कैडर के बारे में भी जानकारी दे रहे हैं। खुफिया विभाग की पूछताछ में कांकेर, कोंडागांव में समर्पण करने वाले कुछ नक्सलियों ने रामन्ना, गणपति और अन्य बडे़ कैडर के बारे में जानकारी दी है।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर में आत्मसमर्पण करने वाले उत्तर बस्तर-मांड संयुक्त डिविजन के कमेटी मेंबर सूरज मंडवी के खिलाफ नक्सलियों ने एक पर्चा जारी किया है। इसमें सूरज को चेतावनी दी गई है कि वह नक्सलियों को आत्मसमर्पण के लिए बहलाना बंद नहीं करता है, तो एक फरवरी के बाद उसके खिलाफ नक्सली कमांडर कार्रवाई करेंगे।
पुलिस मुख्यालय के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, सूरज ने आत्मसमर्पण के बाद ब़़डे नक्सली कैडर के बारे में जानकारी दी है। इसमें गणपति से लेकर सेंट्रल कमेटी के सदस्यों के बारे में जानकारी दी है।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, नक्सलियों के रावघाट एरिया कमेटी की ओर से एक पर्चा दस दिसंबर को जारी किया गया। इसमें लिखा गया है कि नक्सलियों को आत्मसमर्पण कराने के लिए सूरज चिट्ठियां भेज रहा है। वह पत्रों को भेजना बंद करे और जनवरी 2015 के आखिरी सप्ताह तक जनता से माफी मांगे। अगर वह ऐसा नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। नक्सलियों की ओर से जारी पर्चे में लिखा गया है कि रावघाट एरिया कमेटी के सदस्यों में कोई मतभेद नहीं है।