साक्षी महाराज को नहीं कहना था सांसद चार-चार बच्चे पैदा करें
रायपुर, बिलासपुर [निप्र]। रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद व केंद्रीय इस्पात व खान राज्य मंत्री विष्णु
रायपुर, बिलासपुर [निप्र]। रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद व केंद्रीय इस्पात व खान राज्य मंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि साक्षी महराज का बयान गलत। उन्हें नहीं कहना था कि सांसद चार-चार बच्चे पैदा करें। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में हमारा प्रदर्शन आशाजनक नहीं रहा, पर इतना भी बुरा नहीं कि इस्तीफा देकर घर बैठ जाएं।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री साय सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। साक्षी महराज द्वारा दिए गए विवादित बयान को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में श्री साय ने साक्षी महराज के बयान को उनका अपना निजी राय माना। साथ ही वे यह कहना भी नहीं भूले कि साक्षी महराज को इस तरह का विवादित बयान नहीं देना चाहिए। उनको यह कतई नहीं कहना था कि सांसद चार-चार बच्चे पैदा करें। प्रदेश में हाल ही में हुए नगरीय निकाय चुनाव में सत्ताधारी दल के खराब प्रदर्शन और कांग्रेस के हमलावर रुख तथा सीएम से इस्तीफे के सवाल पर जब उनसे प्रतिक्रिया मांगी गई तो उनका कहना था कि चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी के रणनीतिकारों ने जो अनुमान लगाया था वह पूरा नहीं हो पाया। हमारा प्रदर्शन आशानुरूप नहीं रहा। पर इतना भी खराब नहीं।
साय का कहना था कि पार्टी के प्रदर्शन को लेकर चिंतन मनन किया जाएगा। चुनाव में ऊपर-नीचे होता रहता है। स्थानीय निकाय के चुनाव को राज्य सरकार के प्रदर्शन से सीधा-सीधा जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। सांसद लखनलाल साहू के बयान से भी पल्ला झाड़ लिया।
रायगढ़ में थर्ड जेंडर महापौर,यह तो जनादेश है
रायगढ़ नगर निगम में थर्ड जेंडर के महापौर की कुर्सी पर काबिज होने के सवाल पर मंत्री श्री साय का कहना है कि यह तो जनादेश है। लोकतंत्र में जनमत का झान ही सर्वोपरी होता है। जनादेश का सम्मान होना चाहिए। इस बारे में और क्या कहा जा सकता है।
कोल मेरा विभाग नहीं
कोयला कर्मियों की हड़ताल से हो रहे करोड़ों के नुकसान व केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे निजीकरण के प्रयास संबंधी सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कोयला मंत्रालय मेरा विभाग नहीं है। केंद्रीय मंत्री सीधे डील करते हैं। लिहाजा इस संबंध में कुछ कहना उचित नहीं है। श्री साय मंत्री बनने के बाद पहली बार बिलासपुर पहुंचे। वे निजी प्रवास पर थे। निजी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे जशपुर के लिए रवाना हो गए।